रणथंभौर के होटल में हादसा: हाउसकीपिंग कर्मचारी की करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया जाम
होटल प्रबंधन की ओर से परिजनों को करीब 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने के भरोसे के बाद परिजनों ने जाम खोला.

Published : March 2, 2026 at 8:04 PM IST
सवाईमाधोपुर: जिला मुख्यालय के रणथंभौर स्थित एक होटल में बिजली का काम करते समय करंट लगने से एक होटलकर्मी की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पर शेरपुर हेलिपैड के पास जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए.
मृतक के परिजन चेतराम मीणा ने उसका भाई जनकपुर की ढाणी निवासी 32 वर्षीय हरकेश मीणा पिछले दो साल से होटल में हाउसकीपिंग का काम कर रहा था. होटल संचालकों ने हरकेश से हाउसकीपिंग का काम न होते हुए भी बिजली का काम करवाया, जिससे उसकी मौत हुई. साथ ही यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद होटल संचालक परिजनों को सूचना दिए बिना ही शव जिला अस्पताल ले गए. अस्पताल से फोन आने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली.
पढ़ें: करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत, पिता भी झुलसा
होटल स्टाफ को बीमा व पीएफ सुविधा की मांग: आक्रोशित ग्रामीणों ने 50 लाख रुपए मुआवजा, मृतक के दो बच्चों की 12वीं तक की पढ़ाई का खर्च, एक बीघा भूमि, मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक मदद तथा रणथंभौर के होटलों में काम करने वाले ग्रामीणों के लिए बीमा, पीएफ और मेडिकल बीमा जैसी सुविधाओं की मांग की. ग्रामीणों ने मांगें पूरी न होने तक शव का पोस्टमार्टम न कराने की चेतावनी दी.
10 लाख की सहायता का भरोसा: एसडीएम गौरव मित्तल ने बताया कि देर शाम जिला प्रशासन और मृतक के परिजनों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद सहमति बन गई. होटल प्रबंधन की ओर से परिजनों को करीब 10 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी. इसके अलावा परिजनों को पालनहार योजना और विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाया जाएगा. सहमति के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.

