दिल्ली: सिलेंडर ब्लास्ट के बाद मकान में लगी भीषण आग, 9 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. करीब दो घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

Published : January 11, 2026 at 7:02 AM IST
|Updated : January 11, 2026 at 7:26 AM IST
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में शनिवार रात एक मकान में सिलेंडर ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई. हादसा त्रिलोकपुरी के 7 ब्लॉक में हुआ, जहां मकान की दूसरी मंजिल पर अचानक तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने तीसरी मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि मकान में मौजूद सभी लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात के समय तेज आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद मकान से आग की लपटें और घना धुआं निकलने लगा. चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मकान में रह रहे लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची.
मौके पर पहुंची फायर टेंडर की 9 गाड़ियां
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने कुल 9 फायर टेंडर मौके पर भेजे. दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. करीब दो घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका. दमकल अधिकारियों के अनुसार आग देर रात पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.
Delhi: Fire Officer Jayveer says, " we got a call that there is a fire in the house, 7 blocks from lokpuri. when i reached there, the house was on fire. i tried to control the fire, but i couldn't..." pic.twitter.com/6fsbmHTABX
— IANS (@ians_india) January 10, 2026
ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर चलती कार बनी आग का गोला, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
ये भी पढ़ें- चांदनी चौक में कपड़े की दुकान में भीषण आग, दमकल की 9 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, कोई हताहत नहीं

