धनबाद गैस रिसाव मामला: अलर्ट मोड पर सभी अस्पताल, मरीजों ने बताई गैस त्रासदी की कहानी
धनबाद गैस रिसाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है. अस्पतालों में मरीजों के आने का सिलसिला जारी है.

Published : December 7, 2025 at 3:42 PM IST
धनबादः जिले के केंदुआडीह में गैस रिसाव को देखते हुए स्थानीय अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि प्रभावित लोगों की जान बचाई जा सके. कुसतौर रीजनल अस्पताल प्रभावित क्षेत्र से सबसे नजदीक है, जहां मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है. अस्पताल में मरीजों का इलाज चल रहा है. कई मरीजों ने गैस त्रासदी की भयावह स्थिति अपनी जुबानी बयां की.
कुसतौर रीजनल अस्पताल में गैस रिसाव से पीड़ित मरीजों का आनाजाना लगा हुआ है. किसी की स्थिति गंभीर है तो कोई अति गंभीर है. हर उम्र के लोग जहरीली गैस रिसाव से प्रभावित हुए हैं.
मरीजों ने सुनाई आपबीती
अस्पताल में इलाजरत मरीजों ने बताया कि गैस रिसाव शुरू होने के बाद उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगी और उल्टी होने लगी. कुछ मरीज बेहोश भी हो गए. इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एम्बुलेंस के सहारे उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
कुसतौर रीजनल अस्पताल अलर्ट
वहीं,अस्पताल के डॉक्टर शशि कुमार रवि ने बताया कि केंदुआडीह गैस रिसाव मामले को लेकर कुसतौर रीजनल अस्पताल पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. ऑक्सीजन से लैस छह एम्बुलेंस प्रभावित क्षेत्र में तैनात है, ताकि गैस से प्रभावित मरीजों को तत्काल इलाज की सुविधा मिल सके. उन्होंने बताया कि अब तक अस्पताल में गैस से प्रभावित कुल 18 मरीज आ चुके हैं. जिनमें से 14 को एडमिट किया गया है और बाकी मरीजों को प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया है.

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कुसतौर रीजनल अस्पताल में 08 मरीज इलाजरत हैं, जिन्हें जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा. डॉक्टर शशि कुमार रवि के अनुसार गैस से प्रभावित मरीजों में सांस लेने में दिक्कत, चक्कर आना, उल्टी और बेहोशी के लक्षण पाए गए हैं.
ये भी पढ़ें-
धनबाद में जहरीली गैस का रिसाव, लोगों को जान का खतरा, शिफ्टिंग ही एक मात्र विकल्प
महिला की मौत के बाद लोगों में दहशत, जहरीली गैस रिसाव से पीड़ित दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती

