कानपुर में होली पर अस्पतालों की बड़ी तैयारी, Emergency कर्मियों की छुट्टियां रद, एलएलआर कानपुर में ट्रामा के लिए सौ बेड तैयार
एलएलआर कानपुर में ओपीडी और इमरजेंसी कर्मियों के लीव रद कर दिए गए हैं. 24 घंटे डॉक्टरों को तैनाती के आदेश दिए गए हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 8:26 AM IST
कानपुर: शहर कानपुर में होली के पर्व पर मरीजों को फौरन इलाज मिल सके, इसके लिए सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एलएलआर में ट्रामा के लिए सौ बैड तैयार किए गए हैं. किसी भी तरह की इमरजेंसी के लिए सभी कर्मियों की छुट्टी रद्द हैं.
साथ ही डॉक्टर्स से कहा गया है, वह 24 घंटे अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे. कमोबेश यही व्यवस्था शहर के कांशीराम व उर्सला अस्पताल में भी की गई है.
दरअसल, डॉक्टर्स का कहना है हर साल होली पर अच्छी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. कभी आंखों में रंग जाने या शरीर में किसी तरह के नुकसान के मामले सामने आते हैं, तो कभी-कभार सड़क दुर्घटनाओं के.
हालांकि, मरीजों को समय से इलाज मिल सके, इसके लिए अस्पतालों में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
कानपुर के अलावा आसपास के अन्य जिलों से भी गंभीर स्थिति में मरीजों को एलएलआर अस्पताल में रेफर कर दिया जाता है. होली को देखते हुए ओपीडी के अधिकतर स्टाफ की ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में लगा दी गई है. वहीं, 40 कर्मियों के स्टाफ को गंभीर मामलों के लिए तैनात किया गया है.
ऑपरेशन थिएटर भी रहेगा चालू: जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.संजय काला ने कहा, होली पर सभी पूरे उल्लास के साथ होली मनाएं। हालांकि, अपनी सेहत का भी सभी को ध्यान रखना होगा.
उन्होंने कहा, हमने होली को देखते हुए एलएलआर में ऐसी व्यवस्था की है, जिससे मरीजों को बिना देरी के इलाज मिल सकेगा. ऑपरेशन थिएटर को भी चालू रखने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
होली की तैयारियों को परखने के लिए स्टाफ और कर्मियों को पूर्वाभ्यास भी कराया जा चुका है.
ये भी पढ़ें-

