मोदी सरकार पर बरस पड़े योगी के मिनिस्टर, समधी पर Income Tax के छापे से नाराज़
उत्तर प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के घर आयकर के छापे को लेकर विरोध जताया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 2:48 PM IST
|Updated : February 25, 2026 at 10:04 PM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के घर आयकर के छापे के मामले में अपना विरोध जताया. उमाशंकर सिंह और दिनेश प्रताप सिंह आपस में समधी हैं. बसपा के रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह के अलग-अलग ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार को छापेमारी की है.
उमाशंकर सिंह मायावती के नजदीकी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी काफी नजदीकी बताए जाते हैं. बसपा सुप्रीमो मायावती ने फिलहाल ब्राह्मणों की राजनीति शुरू की है. जिससे भारतीय जनता पार्टी के माथे पर शिकन है. उमाशंकर सिंह के खिलाफ आयकर छापे को इस मामले से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
बी.एस.पी. के विधायक श्री उमाशंकर सिंह जबसे बी.एस.पी. में आये हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी ज़िम्मेवारी निभाई है और आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके़ से सम्पत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी ग़लत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है।
— Mayawati (@Mayawati) February 25, 2026
हालाँकि…
इस संबंध में दिनेश प्रताप सिंह जो उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उमाशंकर सिंह विद्यायक रसड़ा जनपद बलिया जिनके घर में मेरी बेटी ब्याही है, के घर में आज आयकर विभाग रेड कर रहा है. देश प्रदेश के राजनेता आयकर सहित सभी संस्थाओं को पता है कि उमाशंकर सिंह दो वर्ष से अधिक से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं.
वर्तमान परिस्थितियों में उमाशंकर सिंह के लिए धनार्जन नहीं सांसे बचाने में ही सारा समय और धन व्यय हो रहा हैं. सभी व्यवसाय लगभग बंद हो गए है. आज अपने आवास में आइसोलेशन में रह रहे हैं. विधानसभा का सत्र एक विधायक के लिए महत्वपूर्ण होता है, लेकिन एक घंटे के लिए भी नहीं जा सके. इस समय उनके घर पर नर्स या डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है.
श्री उमाशंकर सिंह विद्यायक रसड़ा जनपद बलिया जिनके घर में मेरी बेटी व्याही है के घर में आज आयकर विभाग के द्वारा रेड की जा रही है।
— Dinesh Pratap Singh (@RBLDineshSingh) February 25, 2026
देश प्रदेश के राजनेता आयकर सहित सभी संस्थाओं को पता है कि श्री उमाशंकर सिंह दो वर्ष से अधिक से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे है, वर्तमान… pic.twitter.com/Z3Wl8D3R8S
यदि उनके जीवन को कोई हानि होती हैं तो ये सम्वेदनहीन संस्थाये जिम्मेदार होंगी. इस प्रकार की परिस्थितियों में दुर्लभतम अपराधों में भी न्यायालय दया के आधार पर याचिका स्वीकार कर दोष मुक्त कर देते है. किंतु इस कठिन दौर में भी कौन सम्वेदनहीन राजनेता या संस्था हो सकती हैं जो ऐसी परिस्थितियों में भी राजनैतिक बदले की भावना से पीड़ा देने की सोच सकता है, प्रभु ऐसे लोगों को और संस्थाओं को सदबुद्धि दे.
बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने पोस्ट कर अपने विधायक का बचाव किया है.सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मायावती ने पोस्ट किया कि विधायक उमाशंकर सिंह को अधिक गंभीर बीमारी है और यह कार्रवाई उनके खिलाफ गलत है. लिखा कि उमाशंकर सिंह जब से बीएसपी में आए हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई है. आज तक क्षेत्र में इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी गलत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है.
मायावती ने लिखा कि पिछले लगभग दो वर्षों से काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर इनके संबंध में कोई शिकायत मिली थी तो उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर उनके ठीक हो जाने के बाद इनसे पूछताछ कर सकते थे. हम इस विभाग के कार्य में दखल नहीं दे रहे, लेकिन आज जिस तरह से इन पर अति गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गई है, मानवता के खिलाफ है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ यूनिवर्सिटी: गंगाजल, हनुमान चालीसा,नमाज़ और लाल बारादरी का गहराता विवाद

