जींद में घोड़ा फार्म संचालक की हत्या, कमरे में मिला शव, अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
जींद में घोड़ा फार्म संचालक की अज्ञात लोगों के द्वारा हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

Published : February 13, 2026 at 8:47 PM IST
|Updated : February 13, 2026 at 8:58 PM IST
जींदः गांव गुलकनी के घोड़ा फार्म मालिक की बीती रात तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई. सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है. हत्या क्यों हुई, हत्यारे कौन थे, इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा नही हो पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
फोरेंसिक टीम कर रही है जांचः गांव गुलकनी निवासी सुरेंद्र (54) ने मिर्चपुर रोड पर अपने खेत मे घोड़ा फार्म बनाया हुआ है. रात को अक्सर घोड़ा फार्म में ही सोता था. शुक्रवार सुबह सुरेंद्र अपने घोड़ा फार्म के कमरे में बैड पर मृत पाया गया. मृतक की टांगों पर तेजधार हथियार के निशान थे. काफी खून बहा हुआ था. घटना का सुबह उस समय पता चला जब मृतक सुरेंद्र का भाई सुरेश फार्म पहुंचा. घटना की सूचना पाकर डीएसपी संदीप कुमार फोरेंसिक टीम और डॉग स्कवायड के साथ मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया. डॉग भी ज्यादा दूरी तक नहीं चल पाया.
क्या है हत्या का कारण, जांच में जुटी पुलिसः मृतक के भाई सुरेश ने पुलिस को बताया कि "उनकी किसी के साथ ऐसी रंजिश भी नहीं थी. मध्यरात्री परिवार के लोग घोड़ा फार्म से घर वापस आए थे. सुरेंद्र वहां कमरे में लेट गया था. सब कुछ ठीक ठाक था. सुबह जब वे फार्म पर पहुंचे तो सुरेंद्र लहूलूहान बैड पर पड़ा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी." हालातों से आशंका जताई जा रही रही है कि सोए हुए पर तेजधार हथियारों से वार किए गए है. हत्या क्यों हुई, कारण क्या रहे, हत्यारे कौन थे. इसका खुलासा नही हो पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
क्या बोले जांच अधिकारीः सदर थाना के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि "मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है."

