ETV Bharat / state

भरतपुर में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराकर कोयले से भरी ट्रेलर में लगी आग, जिंदा जला चालक

प्रदेश के अलग-अलग शहर में सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. भरतपुर में हादसा इतना भयावह था कि ड्राइवर जिंदा जल गया.

ट्रेलर में लगी आग
ट्रेलर में लगी आग (फोटो ईटीवी भारत भरतपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 3, 2026 at 9:20 AM IST

|

Updated : March 3, 2026 at 10:52 AM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

भरतपुर/बूंदी/ जैसलमेर : प्रदेश में अलग-अलग जगहों हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. भरतपुर में जहां डिवाइडर से ट्रेलर की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई. वहीं बूंदी में सरसों के तेल से भरा एक टैंकर अचानक आग का गोला बन गया. जैसलमेर में दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई. भरतपुर शहर के सारस चौराहे पर सोमवार देर रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया. कोयले से भरा ट्रेलर पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया, जिससे ट्रेलर चालक की जलने से मौत हो गई. आग इतनी भीषण थी कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला.

सीओ सिटी पंकज यादव ने बताया कि ट्रेलर डिवाइडर से टकराकर पलट गया था, जिससे डीजल फैल गया और उसमें आग लग गई. हादसे में चालक की मौत हो गई है. शव को आरबीएम चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है. परिजनों को सूचना दे दी गई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

प्रत्यक्षदर्शी मोनू ने बताया कि मथुरा गेट थाना क्षेत्र के सारस चौराहे पर रात करीब 12 बजे आगरा से जयपुर की ओर जा रहा कोयले से भरा ट्रेलर तेज रफ्तार में था. सारस मोड़ पर पहुंचते ही ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकरा गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पलट गया. पलटते ही वाहन का डीजल सड़क पर फैल गया और चिंगारी लगते ही उसमें भयंकर आग भड़क उठी.

इसे भी पढ़ें: उदयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई पिकअप, 3 की मौत, 30 घायल

हादसे के समय चालक विरदी चंद गुर्जर केबिन में ही फंसा रह गया. बताया जा रहा है कि उसका पैर केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसके कारण वह बाहर नहीं निकल सका. आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग के गोले में तब्दील हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने चालक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास नहीं जा सका. चालक अंदर ही तड़पता रहा और अंततः जिंदा जल गया. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.सूचना पर सीओ सिटी पंकज यादव, एडिशनल एसपी गणपत महावर और मथुरा गेट थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गया.

इसे भी पढ़ें: बड़ा हादसा : बालोतरा में स्लीपर बस आगे चल रही ट्रेलर से भिड़ी, 6 की मौत और 9 घायल, CM समेत इन नेताओं ने जताया दुख

सीओ सिटी पंकज ने बताया कि हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारु कराया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या फिर वाहन में किसी तकनीकी खराबी के चलते संतुलन बिगड़ा.

बूंदी में टैंकर बना आग का गोला : इधर बूंदी जिले में बीती देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सरसों के तेल से भरा एक टैंकर अचानक आग का गोला बन गया. घटना दईं खेड़ा थाना क्षेत्र के लबान इलाके में हुई, जहां कोटा से दिल्ली की ओर जा रहा टैंकर अचानक धू-धू कर जलने लगा. देखते ही देखते एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए वाहनों के पहिए थम गए. गनीमत यह रही कि टैंकर चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और बिना समय गंवाए नीचे कूद गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में टैंकर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना सामने आया है.

बूंदी में टैंकर बना आग का गोला
बूंदी में टैंकर बना आग का गोला (फोटो ईटीवी भारत बूंदी)

लबान इंटरचेंज के प्रबंधक कल्याण सिंह सिकरवार ने बताया कि सवाई माधोपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर इंटरचेंज से थोड़ी दूरी पर अचानक एक टैंकर से आग की लपटें उठती दिखाई दीं. सूचना मिलते ही इंटरचेंज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक टैंकर से कूद चुका था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

इसे भी पढ़ें: सवारियों से भरी रोडवेज बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा : शहर में होलिका दहन की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. रात करीब 11 बजे घर लौट रहे दो युवकों की बाइक की बोलेरो कैंपर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में एक युवक की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसका जोधपुर में इलाज चल रहा है. यह दुर्घटना लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी स्थित बाईपास ओवरब्रिज पुलिया पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक और बोलेरो कैंपर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.

जैसलमेर में बाइक के परखच्चे उड़ गए
जैसलमेर में बाइक के परखच्चे उड़ गए (फोटो ईटीवी भारत जैसलमेर)

रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार की आशंका : शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक पुलिया पर गलत दिशा से आ रही थी, जिसके कारण सामने से आ रही बोलेरो कैंपर से टक्कर हो गई. हालांकि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है. हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया. वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Last Updated : March 3, 2026 at 10:52 AM IST