ETV Bharat / state

हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़: दो मास्टरमाइंड महिलाओं सहित 4 गिरफ्तार, व्हाट्सएप मैसेज से फंसाया था व्यापारी को

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने व्यापारी को एक होटल में बुलाया और वहां गलत काम का आरोप लगा 10 लाख रुपए मांगे थे.

Honey trap accused in police custody
हनी ट्रैप के आरोपी पुलिस गिरफ्त में (ETV Bharat Bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : November 28, 2025 at 8:54 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: कोटा के इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी को हनी ट्रैप में फंसाकर लूटने वाले गिरोह की दो मास्टरमाइंड महिलाओं सहित चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों से दो मोटरसाइकिलें, लूटा गया सोने का कड़ा और 35 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं.

व्हाट्सऐप मैसेज से फंसाया व्यापारी को: सदर थाना प्रभारी रमेश आर्य ने बताया कि कोटा के गुमानपुरा निवासी पुनीत चावला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया था कि यह सिलसिला गत 26 अक्टूबर को एक अनजान व्हाट्सऐप मैसेज से शुरू हुआ. एयर कंडीशनर खरीदने के बहाने उससे बात करने वाली महिला 28 अक्टूबर को उसकी दुकान पर पहुंची. फिर 29 अक्टूबर से लगातार संदेश भेजकर उसने अपने पिता को बड़ा प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए व्यापारी को एक बड़ी डील कराने का लालच दिया. महिला ने 5 नवंबर की शाम को व्यापारी को बूंदी के नानकपुरिया तिराहे पर बुलाया. साइट दिखाने के बहाने उसे एक होटल में ले जाया गया. जहां कोई डील की बात नहीं हुई. कुछ देर बाद महिला ने उसे मंडी गेट तक छोड़ने को कहा, लेकिन जैसे ही व्यापारी ने वाहन रोका, तीन लोग अचानक गाड़ी में घुस गए जिसमें एक महिला और दो पुरुष शामिल थे.

पढ़ें: हनी ट्रैप का आरोपी और 20000 का इनामी बदमाश गिरफ्तार, युवक को फंसा कर की थी दो लाख की ठगी

दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दे मांगे 10 लाख: सीआई ने बताया कि आरोपी व्यापारी को होटल में गलत काम करने का आरोप लगाकर उसे धमकाने लगे. उन्होंने कहा कि यदि मामला दबाना है, तो 10 लाख रुपए दो, नहीं तो झूठा दुष्कर्म का केस दर्ज करा देंगे. उसके बाद व्यापारी को जबरन गाड़ी की पिछली सीट पर बैठाकर आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और तालेड़ा रोड की ओर ले गए. व्यापारी के मोबाइल से उसकी पत्नी को धमकी भरा फोन भी किया गया. जब व्यापारी 10 लाख रुपए नहीं दे पाया, तो आरोपियों ने उसके हाथ का सोने का कड़ा और 35 हजार रुपये नकद छीन लिए और बाद में उसे सथूर के पास जंगलों में छोड़कर फरार हो गए. बाद में पीड़ित ने सदर थाना पहुंचकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई.

पढ़ें: चेन्नई के व्यवसाई को हनी ट्रैप में फंसाया, वसूली के लिए जोधपुर बुलाया तो पुलिस ने पकड़ी गैंग

200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले: सीआई ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल, होटल और आसपास के क्षेत्रों के 150–200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले. तकनीकी व मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल करते हुए पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखी. आखिरकार 26 वर्षीय आरोपी लखविन्द्र सिंह उर्फ लक्की निवासी गादेगाल, कोटा के संजय नगर निवासी 22 वर्षीय रौनक पंवार और दो मास्टरमाइंड महिलाओ को बापर्दा गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई.

पढ़ें: स्कूल संचालक की आत्महत्या के मामले में महिला गिरफ्तार, कर रही थी ब्लैकमेल

गैंग सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर फंसा रहे: सीआई ने बताया कि जांच में सामने आया कि ये आरोपी पहले भी हनी ट्रैप के कई मामलों में चालानशुदा हैं. यह गैंग सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर व्यापारियों और संपन्न लोगों को निशाना बनाती है. पहले दोस्ती, फिर नजदीकियां और आखिर में ब्लैकमेल, मारपीट और लूट कर लेती है. पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह में 3-4 महिलाएं और इतने ही पुरुष सक्रिय रूप से शामिल रहते थे.