बिहार के कॉलेजों में होली की छुट्टी शुरू, मार्च में 14 दिन ठप रहेगा शिक्षण कार्य
बिहार में होली की खुमारी है. इसी बीच कॉलेजों में छुट्टियां भी शुरू हो चुकी है. मार्च महीने में कुल 14 दिन पढ़ाई बाधित होंगे.


Published : March 2, 2026 at 2:45 PM IST
पटना : बिहार के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में होली की छुट्टी शुरू हो गई है. पटना विश्वविद्यालय और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में दो मार्च से पांच मार्च तक होली अवकाश घोषित किया गया है. अवकाश की अवधि समाप्त होने के बाद छह मार्च से कॉलेजों में फिर से नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी.
मार्च में छुट्टियों का सिलसिला : होली अवकाश के बाद भी मार्च में छुट्टियों का सिलसिला जारी रहेगा. तीसरे सप्ताह से एक बार फिर विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ाई पर ब्रेक लगेगा. 21 मार्च को ईद, 22 मार्च को बिहार दिवस, 26 मार्च को सम्राट अशोक जयंती, 27 मार्च को राम नवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय और कॉलेजों में अवकाश रहेगा.
इस बीच मार्च माह में लगातार पड़ने वाली छुट्टियों और त्योहारों के कारण कुल मिलाकर लगभग 14 दिनों तक शिक्षण कार्य प्रभावित रहने की संभावना है. इसके अलावा मार्च महीने में पांच रविवार पड़ रहे हैं, जिनमें एक, आठ, 15, 22 और 29 मार्च शामिल हैं. रविवार को पहले से निर्धारित साप्ताहिक अवकाश के कारण भी शैक्षणिक कार्य नहीं हो पाएगा.

25-26 मार्च को चैती छठ : इन सब छुट्टियों के बीच 25 और 26 मार्च को चैती छठ का महापर्व भी है, जिसे लेकर कई जिलों में स्थानीय स्तर पर शिक्षण संस्थानों में गतिविधियां सीमित रहने की संभावना जताई जा रही है. त्योहारों और रविवार को मिलाकर पूरे महीने में लगभग 14 दिन कॉलेज और विश्वविद्यालयों में नियमित पढ़ाई नहीं हो पाएगी. इस वजह से कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए मार्च का महीना छुट्टियों वाला महीना बन गया है, क्योंकि महीने के लगभग आधे दिन कैंपस में शैक्षणिक कार्य बाधित रहेगा.
पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा की चल रही तैयारी : वहीं दूसरी ओर, कुछ विश्वविद्यालयों में इस समय पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा प्रक्रिया चल रही है. कई कॉलेजों में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और परीक्षा से जुड़ी प्रशासनिक गतिविधियां जारी हैं. इसके साथ ही कुछ विश्वविद्यालय छुट्टियां समाप्त होने के बाद दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षाओं की तैयारी में जुट जाएंगे. विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि जून और जुलाई तक अकादमिक सत्र को पूरा कर लिया जाए ताकि अगले सत्र की शुरुआत समय पर हो सके.
छुट्टियों में घर जाने को मिलता है मौका : पटना विश्वविद्यालय के छात्र नीरज ने कहा कि लगातार पड़ने वाली छुट्टियों से एक ओर उन्हें त्योहार मनाने और घर जाने का मौका मिल रहा है, लेकिन दूसरी ओर पढ़ाई की निरंतरता भी प्रभावित हो रही है. पटना विश्वविद्यालय के इतिहास के शिक्षक गुरु रहमान ने कहा कि अवकाश के बाद कक्षाएं नियमित रूप से संचालित कर पाठ्यक्रम को पूरा करने पर जोर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें :-
होली पर प्रशासन अलर्ट, 607 स्थानों पर 659 दंडाधिकारी... इन नंबरों पर दें संदिग्ध गतिविधि की जानकारी
हम होली क्यों मनाते हैं? इसके पीछे की इन अनसुनी पौराणिक कहानियों को जरूर जानें

