दुर्ग में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का होली मिलन, खूब उड़े रंग गुलाल
दुर्ग में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया. भारी संख्या में लोग और नेता इस कार्यक्रम में शामिल हुए.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 4, 2026 at 3:43 PM IST
दुर्ग: पूरे देश में होली का त्यौहार हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ में होली के अवसर पर लोगों में जोश और खुशियां देखने को मिल रही है. होली पर दुर्ग में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया. होली मिलन के इस त्यौहार में भारी संख्या में लोग मौजूद रहे.
दुर्ग के सेवा सदन में होली मिलन
दुर्ग स्थित सेवा सदन कार्यालय में सुबह से ही कार्यालय परिसर में रंग, गुलाल और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए.समारोह के दौरान अपने चहेते विधायक को रंग-गुलाल लगाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. समर्थक ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए और पारंपरिक होली गीतों के बीच एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं.
होली मिलन में खूब जमा रंग
पूरे परिसर में रंगों की बौछार और फूलों की खुशबू के साथ उत्सव जैसा माहौल बना रहा. शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने भी उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं दी. उन्होंने लोगों को रंग गुलाल लगाया और होली पर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया. होली मिलन पर लोगों ने जमकर होली खेली.
होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है, जो समाज को एक सूत्र में पिरोने का संदेश देता है. होली पर सभी से शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील करता हूं- गजेंद्र यादव, शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़
होली मिलन में हर वर्ग के लोग हुए शामिल
होली मिलन के इस कार्यक्रम में महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए. होली के अवसर पर सेवा सदन कार्यालय रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित नजर आया, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई.

