कानपुर में होली का हुड़दंग, तो रायबरेली में कपड़ा फाड़ होली का अनोखा नजारा
हर साल की तरह इस साल भी लोगों ने होली पर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 2:17 PM IST
|Updated : March 4, 2026 at 5:13 PM IST
कानपुर/रायबरेली: शहर के आर्यनगर में होली का एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जहाँ युवाओं ने कपड़ा फाड़ होली खेलकर त्योहार का लुत्फ़ उठाया. तो वहीं, रायबरेली के घंटाघर चौराहे पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘कपड़ा फाड़ होली’ पूरे उत्साह और उमंग के साथ खेली गई. पूरा इलाका रंगों में सराबोर, कनपुरिया अंदाज़ में मस्ती करता नजर आया. डीजे की धुन पर थिरकते युवाओं और मुखौटे पहनकर घूमते बच्चों ने उत्सव की रौनक में चार चांद लगाया. लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया.
शहर के प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर श्री आनंदेश्वर में होली के अवसर पर भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला. सुबह मंगला आरती के बाद जैसे ही बाबा आनंदेश्वर के पट खुले, भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर के महंत ने भक्तों पर पुष्प वर्षा की और पूरे मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठा. भक्तों ने फूलों और गुलाल के साथ होली खेली, जबकि मंदिर के पास स्थित परमट घाट पर भव्य रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
उत्सव के दौरान बाबा गणेश जी की भव्य झांकी निकाली गई, जिसमें कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं. भक्तों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का स्वागत किया और भक्ति संगीत पर जमकर थिरके. इस दौरान भक्ति और मनोरंजन ने मंदिर में मौजूद हर श्रद्धालु का मन मोह लिया.
होली के हुड़दंग के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट नजर आया. शहर के मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस पहले से जगह-जगह बैरिकेडिंग की थी. ताकि कोई भी हुड़दंगी शांति व्यवस्था में खलल न डाल सके. अधिकारियों की पैनी नजर उन लोगों पर भी थी, जो त्योहार के बहाने भीड़ में बवाल करने आते है.
होली के अवसर पर आम जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश भी देखने को मिला. स्थानीय निवासियों का मानना है कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग ज्यादातर समय मोबाइल पर बिताते हैं, लेकिन होली एक ऐसा त्योहार है जो हमें स्क्रीन से बाहर निकालकर अपनों के साथ मस्ती करने का मौका देता है. लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर और गुलाल लगाकर न केवल बधाई दी, बल्कि पुरानी दूरियों को मिटाकर साथ मिलकर त्योहार मनाने का संकल्प भी दोहराया.
रायबरेली में कपड़ा फाड़ होली: वहीं, रायबरेली शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के घंटाघर चौराहे पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परंपरागत ‘कपड़ा फाड़ होली’ पूरे उत्साह और उमंग के साथ खेली गई। बुधवार, 4 मार्च को प्रातः शुरू हुए इस आयोजन में हजारों की संख्या में युवा शामिल हुए और जमकर रंग-गुलाल के साथ हुड़दंग और नृत्य का आनंद लिया।
ये भी पढ़ें: बाबा विश्वनाथ धाम में भक्त खेल रहे जमकर होली; गुलाल से सराबोर हुई महादेव की नगरी काशी
ये भी पढ़ें: रंग-गुलाल से सराबोर हो रही कान्हा की नगरी मथुरा, मंदिर, आश्रम, घर और गलियों में मची है होली की धूम

