Holi 2026 : जर्मनी के टूरिस्ट के साथ पूर्व राजपरिवार ने खेली कौड़े व डोलची मार होली, 2 दिन होगी धुलंडी
Holi Celebration in Kota- महिलाएं पुरुषों को कौड़े मार रही थीं और पुरुष डोलची भर महिलाओं पर पानी फेंक रहे थे.

Published : March 3, 2026 at 5:33 PM IST
कोटा : हाड़ौती में रियासत काल से ही डोलची और कौड़ा मार होली खेली जाती है. ऐसे में मंगलवार को धुलंडी के अवसर पर राज भवन रोड स्थित बृजराज भवन में विदेशी टूरिस्ट के साथ पूर्व राज परिवार के सदस्यों ने होली खेली. इस दौरान पूर्व महाराव इज्यराज सिंह, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी व पूर्व महाराज कुमार जयदेव सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे. शहर वासियों और जर्मनी से आएं विदेशी पावणों ने जमकर होली का लुत्फ उठाया. इसमें महिलाएं पुरुषों को कौड़े मार रही थी. वहीं, पुरुष डोलची भर महिलाओं पर पानी फेंक रहे थे.
इस दौरान विधायक कल्पना देवी ने कहा कि यह सालों पुरानी परंपरा है, जिसे हम जीवित रखे हुए हैं और इसमें काफी आनंद लोगों को आता है. पूर्व सांसद इज्यराज सिंह का कहना है कि प्रसिद्ध होली में कौड़े व डोलची के साथ पिचकारी से भी यहां पर काफी होली खेली जाती है. पूरा रंग से सराबोर यह रहता माहौल रहता है. दोनों ने होली की शुभकामनाएं भी दी.

इस बार होली दहन दो मार्च सोमवार को हो गया है, लेकिन उसके धुलंडी को लेकर चंद्र ग्रहण की बात थी. ऐसे में तीन और चार मार्च दोनों दिन लोग होली खेल रहे हैं. कुछ लोगों ने 3 मार्च को होली खेली है और कई आयोजन भी हुए हैं. इसके बाद 4 मार्च को भी आयोजन रखे गए हैं. दूसरी तरफ पुलिस की होली आम जनता की होली के अगले दिन होती है. ऐसे में कंफ्यूजन की स्थिति बनी हुई थी, जिसे कोटा रेंज आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल ने क्लियर करते हुए कहा कि पुलिस 5 मार्च को होली खेलेगी.

पढ़ें. रंगों में रंगी राजस्थान की धरा: जैसलमेर की गलियों से पुष्कर के घाटों तक होली का उल्लास
बिरला ने पैतृक आवास पर मनाई होली : कोटा में भी होली के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला कैथूनीपोल स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचे, जहां शहर वासियों के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने होली मनाई. मंगलवार सुबह से ही स्पीकर ओम बिरला के आवास पर शहरवासी, भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे. स्पीकर बिरला को रंग लगाकर शुभकामनाएं दी. दूसरी तरफ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और भाजपा नेता भी वहां पर शुभकामनाएं देने पहुंचे थे. इसमें राजस्थान की पुरानी परंपरा के अनुसार चंग और मंजीरे के साथ भाजपा नेता आलोक शर्मा भी टीम लेकर आए.

कोटा में धुलंडी पर 5 घंटे बंद रहेंगे पेट्रोल पंप : कोटा शहर में धुलंडी का पर्व बुधवार 4 मार्च को मनाया जाएगा. ग्रहण के कारण एक दिन बाद मनाए जा रहे इस धुलंडी के दौरान शहर के सभी पेट्रोल पंप सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद रहेंगे. कोटा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष तरूमीत सिंह बेदी ने बताया कि इस अवधि में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बिक्री पूरी तरह से बंद रहेगी.
उन्होंने आमजन से अपील की है कि पर्व से पहले ही अपने वाहनों में आवश्यकतानुसार ईंधन भरवा लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. हालांकि, पहले की आह्वान 3 मार्च के लिए था, लेकिन बाजार खुले रहने से इसे बदलते हुए 4 मार्च किया गया है.

