होली पर हुड़दंग करने वालों की सूचना देने पर रिकेश सेन देंगे इनाम, देवेंद्र यादव बोले-पुलिस पर भरोसा नहीं है क्या?
होली पर इनाम वाली सियासत, हुड़दंगियों की सूचना पर रिकेश सेन ने इनाम देने का ऐलान किया, देवेंद्र यादव ने इस पर तंज कसा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 1:45 PM IST
दुर्ग: जिले में होली के त्योहार से पहले भिलाई की राजनीति में गर्मी बढ़ गई है. रिकेश सेन ने हुड़दंग मचाने वालों की सूचना देने पर 21 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है. इस फैसले को लेकर भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने तंज कसते हुए सवाल उठाए हैं. त्योहार से पहले अब होली राजनीतिक रंग में भी रंगती नजर आ रही है.
हुड़दंगियों की सूचना व्हाट्सएप करें
वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने घोषणा की है कि होली के दिन अगर कोई व्यक्ति ट्रिपल राइडिंग करते, बिना हेलमेट गाड़ी चलाते, अर्धनग्न होकर घूमते या हथियार लहराते, महिलाओं के साथ बदसलूकी करते दिखता है, तो उसकी सूचना दें. सूचना देने के लिए वाहन नंबर, फोटो और वीडियो व्हाट्सएप पर भेजें. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वीडियो के आधार पर पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सूचना देने वाले को 21,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी.
होली खुशियों और भाईचारे का पर्व है. महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा. हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हुड़दंगियों की सूचना दें, हम कार्रवाई करेंगे- रिकेश सेन, विधायक वैशाली नगर
पुलिस पर अविश्वास नहीं?
इस फैसले पर भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि यह घोषणा बताती है कि विधायक को पुलिस व्यवस्था पर भरोसा नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी इनामी राशि की घोषणा करना प्रशासन पर सवाल खड़ा करता है. हालांकि उन्होंने सभी से शांति और सद्भाव से होली मनाने की अपील भी की.
यह कदम दिखाता है कि विधायक को सुशासन की पुलिस पर विश्वास नहीं है. मैं बस यही अपील करता हूं कि होली जरूर खेलें, लेकिन किसी और की होली खराब न करें.- देवेंद्र यादव, विधायक भिलाई नगर
राजनीतिक रंग में रंगी होली
दोनों नेताओं के बयानों के बाद क्षेत्र में सियासी माहौल गरमा गया है. अब देखना होगा कि होली का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनता है या यह राजनीतिक बयानबाजी और तेज होती है.

