होली पर टैंक और मशीनगन वाली पिचकारी की भारी डिमांड, रंग और गुलाल से सजा कोरबा का बाजार
होली की खरीदारी पर महंगाई का असर भी दिख रहा है. लोगों का कहना है कि पिचकारी और रंगों की कीमत ज्यादा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 5:53 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 6:11 PM IST
कोरबा: होलिका दहन का आज त्योहार मनाया जाएगा. रंगों के त्योहार की रौनक में सबसे ज्यादा खुश बच्चे नजर आ रहे हैं. इस बार बाजार में अगल-अलग तरह की पिचारियां आई हैं. चाहे कोसाबाड़ी का बाजार हो या फिर निहारिका, बुधवारी, पुराना शहर कोरबा का ही बाजार क्यों न हो. हर जगह गली मोहल्लों में रंगीन पिचारियां बिक रही हैं. पिचकारियों के साथ मास्क और डिजाइनर टोपी की भी इस बार खास डिमांड है. बच्चे सबसे ज्यादा टैंक और मशीनगन मॉडल में बनी पिचकारी को पंसद कर रहे हैं. इस मॉडल की पिचकारियां बैटरी से चलती हैं और आकर्षक भी लगती हैं.
टैंक और मशीनगन वाली पिचकारियों की सबसे ज्यादा डिमांड
रंग गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर बच्चे अपनी पसंद की पिचकारी लेने के लिए जिद करते नजर आ रहे हैं. इस साल लोगों में जागरूकता भी देखने को मिल रही है. केमिकल युक्त रंगों की बजाए लोग हर्बल और ऑर्गेनिक गुलाल की मांग कर रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अब त्वचा और आंखों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक रंग खरीदना पसंद कर रहे हैं. फूलों से बने गुलाल और खुशबूदार अबीर भी इस बार खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
महिलाएं होली पूजन के लिए अबीर, गुलाल, पूजा थाली, नारियल और सजावटी सामग्री खरीद रही हैं. इसके अलावा घरों में बनने वाली पारंपरिक मिठाइयों के लिए सूखे मेवे और मसालों की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है. गुझिया, मठरी और नमकीन की तैयारी घरों और मिठाई दुकानों दोनों में जोरों पर है.

होली को लेकर उत्साह
होली को लेकर युवाओं और बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह है. बाजार में होली स्पेशल टी-शर्ट, रंगीन चश्मे, हैडबैंड और फेस मास्क की बिक्री बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर फोटो और रील बनाने के लिए युवा आकर्षक एक्सेसरीज की खरीदारी कर रहे हैं. व्यापारियों का कहना है कि इस बार बिक्री उम्मीद से बेहतर हो रही है. शाम के समय बाजारों में इतनी भीड़ रहती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है.

होली पर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भीड़ और त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत की है. नगर निगम द्वारा बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.

महंगाई से लोग थोड़े परेशान
होली की पिचकारी रंग गुलाल हो अन्य सामग्री की खरीदारी शुरू हो चुकी है. इस वर्ष चंद्र ग्रहण के कारण दो और तीन मार्च को होलिका दहन किया जा रहा है. कुछ लोग 2 मार्च को तो कुछ लोग 3 मार्च को होलिका दहन करेंगे. जबकि 4 मार्च को होली खेली जाएगी. इसके लिए दुकानों में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं. वो महंगाई से थोड़ी परेशान जरूर हो रहे हैं. लोगों का मानना है कि इस वर्ष पिचकारी और बच्चों के सामान खासे महंगे हैं. जिससे घर का बजट भी थोड़ा बिगड़ रहा है.

एप्पल बेर शुष्क इलाकों के लिए वरदान, कम मेहनत में ज्यादा मुनाफा वाली खेती, किसान हो रहे मालामाल

