होली पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं, जांजगीर चांपा पुलिस ड्रोन से रख रही निगरानी
शराब पीकर हंगामा करने वालों और स्टंट दिखाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 3, 2026 at 1:07 PM IST
जांजगीर चांपा: होली में हंगामा करने वालों को हवालात की खानी पड़ेगी. पुलिस ने हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए आसमान में ड्रोन उड़ाने की तैयारी की है. आज और कल दोनों दिन पुलिस की चप्पे-चप्पे पर निगरानी रहेगी. शराब पीकर हंगामा और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने वालों की भी खैर नहीं है. पुलिस ने कई जगहों पर चेकिंग अभियान चलाने की भी तैयारी की है. अक्सर होली के मौके पर रंग गुलाल की खुशी में बदमाश और उपद्रवी भंग घोलने का काम करते हैं. पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि हम इस बार ड्रोन से शहर की निगरानी करेंगे. इसके लिए ड्रोन की टेस्टिंग भी की गई है.
ड्रोन से होगी निगरानी, शराबियों की खैर नहीं
होली को लेकर बाजार से गली-मोहल्ले तक में रौनक है. बच्चे और युवा दोनों होली की पिचकारी और रंग गुलाल की बाजार से खरीद कर रहे हैं. इस बार बाजार में अलग-अलग तरह की पिचकारी और टोपी छाई हुई है. हर कोई अपने हिसाब और पसंद से उसकी खरीदी कर रहा है. जिला प्रशासन की टीम भी दुकानों पर जाकर लोगों को सुरक्षित होली खेलने के लिए जागरुक कर रही है. व्यापारियों से मुखौटा नहीं बेचने की गुजारिश भी पुलिस कर रही है. अक्सर होली पर देखा गया है कि बदमाश मुखौटे की आड़ में बड़ी वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं. मुखौटे की वजह से बदमाशों को पहचानना और पकड़ना दोनों मुश्किल हो जाता है. पुलिस ने मुखौटा बेचने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी है.
मुखौटा बेचने वालों को सख्त हिदायत
होली को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए, पुलिस विभाग लगातार अनाउंसमेंट भी करा रही है, साथ ही लोगो को आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील कर रही है. पुलिस अधीक्षक ने जिला मुख्यालय के संभावित संवेदनशील स्थानों में पुलिस के फिक्स पॉइंट लगवाए हैं. लगातार पेट्रोलिंग के लिए भी निर्देश दिए गए हैं. इस बार पुलिस ने गली मोहल्लों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने की तैयारी की है. सड़को मे हुडदंग करने वालों पर पैनी नजर रखने की कोशिश की जा रही है.


कोतवाली पुलिस की तैयारी
कोतवाली पुलिस ने 1 बाइक पर 3 लोगों को बिठाकर चलने वालों को कड़ी चेतावनी जारी की है. शराब पीकर ड्राइविंग करने वालो के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है, वहीं होली के दिन बाइक और कार में स्टंट कर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी है. इस बार पुलिस ने होली को शांति प्रिय तरीके से सम्पन्न कराने की मुहिम छेड़ रखी है. जिसका असर भी दिखाई देने लगा है.

मिशन वात्सल्य योजना की निकली बंपर वैकेंसी, पांचवीं पास के लिए भी सरकारी नौकरी का मौका

