जयपुर में भाजपा कार्यालय पर धूमधाम से मनी होली, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खेला गुलाल
भाजपा कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर रंग-गुलाल खेला और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं.

Published : March 3, 2026 at 1:49 PM IST
|Updated : March 3, 2026 at 2:31 PM IST
जयपुर : रंगों का पावन पर्व होली देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. ग्रहण और सूतक के कारण धुलंडी का पर्व भले ही 4 मार्च को मनाया जाएगा, लेकिन उत्सव का रंग अभी से लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. राजधानी जयपुर में आमजन के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी होली की खासी धूम देखने को मिली. मंगलवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर रंग-गुलाल खेला और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं.
आपसी प्रेम का त्योहार : भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के संयोजक राजेंद्र शेखावत और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीषा सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी. कार्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते दिखे.
इस मौके पर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि होली रंगों और आपसी प्रेम का त्योहार है, जिसे पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए. मन के सभी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाना चाहिए और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि होली के बाद किसानों की फसल कटाई का समय भी शुरू हो जाता है. ऐसे में वे ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि प्रदेश के किसानों की फसल अच्छी हो और उन्हें उनकी मेहनत का पूरा फल मिले.
पढ़ें. HOLI 2026 : रंगों की फुहार में सराबोर हुआ बूंदी, सैलानियों ने भी खेली होली
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीषा सिंह ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम और एकता का संदेश देता है. होली हमें सिखाती है कि मनमुटाव भुलाकर सभी को प्रेम के धागे में पिरोया जाए. उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह है और इस परिवार के साथ होली मनाकर विशेष खुशी का अनुभव होता है. सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर त्योहार मना रहे हैं, जो संगठन की मजबूती को दर्शाता है. डॉ. मनीषा सिंह ने प्रदेश की वर्तमान सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में भजनलाल सरकार ने विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे प्रदेश में सकारात्मक माहौल बना है. हाल ही में प्रस्तुत बजट को भी आमजन और किसानों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह त्योहार प्रदेश में और अधिक खुशहाली और समृद्धि लेकर आएगा.
जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में होली के पावन अवसर पर रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) March 3, 2026
इस अवसर पर जयपुर शहर सांसद श्रीमती @Manju4bjp, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी श्री… pic.twitter.com/bBx6UVVCzd
पढ़ें. Holi 2026 : सीएम ने सांगानेर में खेली होली, कार्यकर्ताओं को बताया अपनी ताकत, विपक्ष पर साधा निशाना
पारंपरिक गीतों पर नृत्य : कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं. पूरे वातावरण में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा. राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कुछ पल उत्सव के रंग में डूबकर आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ किया. नेताओं ने प्रदेशवासियों को संदेश दिया कि होली का त्योहार प्रेम, एकता और सद्भाव के साथ मनाएं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें.

