HOLI 2026 : धुलंडी पर अलर्ट मोड पर SMS अस्पताल, 24 घंटे मुस्तैदी बरतने के निर्देश
होली में मस्ती के बीच नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसलिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.

Published : March 3, 2026 at 10:13 AM IST
|Updated : March 3, 2026 at 10:22 AM IST
जयपुर : होली और धुलंडी के मौके पर संभावित आकस्मिक परिस्थितियों को देखते हुए एसएमएस हॉस्पिटल प्रशासन ने 3 मार्च के लिए अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश जारी किए हैं. त्योहार के दौरान हादसों, झगड़ों, सड़क दुर्घटनाओं और केमिकल मिश्रित रंगों से होने वाली समस्याओं की आशंका के मद्देनज़र विशेष तैयारियां की गई हैं. अस्पताल प्रशासन की ओर से न्यूरो सर्जरी, अस्थि रोग, सर्जरी विभाग, प्लास्टिक सर्जरी, नेत्र रोग, त्वचा रोग एवं जनरल मेडिसिन सहित संबंधित विभागाध्यक्षों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
इमरजेंसी व्यवस्था में अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं में नोडल अधिकारी स्तर पर समन्वय बनाए रखते हुए 24 घंटे मुस्तैदी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं. अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक एवं प्रवक्ता डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि होली के दौरान हर साल इमरजेंसी में मामलों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में सभी विभागों को अलर्ट रखा गया है और आवश्यक दवाइयों व संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है.
इसे भी पढ़ें: SMS की टीम ने किया दुर्लभ एक्स्ट्रा हेपेटिक हाइडेटिड सिस्ट का सफल ऑपरेशन
घरेलू उपचार से बचें : वहीं एसएमएस अस्पताल के स्किन डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. दीपक माथुर ने सलाह दी है कि होली खेलते समय केमिकल मिश्रित गुलाल और रंगों से विशेष सावधानी बरतें. उन्होंने कहा कि रंगों से खेलने से पहले त्वचा पर नारियल का तेल या वैसलीन लगा लेना चाहिए, जिससे रंग सीधे त्वचा के संपर्क में न आए और एलर्जी या जलन की संभावना कम हो. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि आंखों या त्वचा में जलन, खुजली, सूजन या किसी प्रकार की एलर्जी हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें और घरेलू उपचार पर निर्भर न रहें.


