मुख्यमंत्री निवास पर होलिका दहन, सीएम भजनलाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री निवास पर परंपरागत विधि-विधान के साथ होलिका का दहन किया.

Published : March 3, 2026 at 7:56 AM IST
जयपुर: सीएम भजनलाल शर्मा ने सोमवार मध्यरात्रि के पश्चात सिविल लाइन्स स्थित मुख्यमंत्री निवास पर पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ होली पूजन किया. उन्होंने मुख्यमंत्री आवास परिसर में स्थित श्री राज राजेश्वरी मंदिर प्रांगण में विधिवत मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इसके उपरांत वैदिक रीति-रिवाजों से होलिका दहन संपन्न हुआ.
रंगोत्सव होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं : इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रंगोत्सव होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि होली का यह पावन पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और हमें समाज में प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने आह्वान किया कि सभी नागरिक मिलकर एक समन्वित, सौहार्दपूर्ण और प्रगतिशील राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि होलिका दहन हमें यह संदेश देता है कि नकारात्मकता और अन्याय का अंत निश्चित है, जबकि सत्य और सद्भाव की विजय होती है. इस पर्व के माध्यम से सामाजिक एकता और आपसी विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए.
मुख्यमंत्री निवास पर आज परंपरागत विधि-विधान के साथ होलिका का दहन किया।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) March 2, 2026
यह पावन अवसर हमें बुराई पर अच्छाई की विजय और एकता की शक्ति का संदेश देता है। आइए, हम सभी मिलकर प्रदेश में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास को सुदृढ़ करें साथ ही सौहार्दपूर्ण और समन्वित समाज के निर्माण में… pic.twitter.com/BWQVZSlSSw
इसे भी पढ़ें: Holika Dahan 2026 : बाड़मेर के गली-मोहल्लों में हुआ होलिका दहन, ढोल-नगाड़ों संग पहुंचे नवविवाहित जोड़े
पारंपरिक होली गीतों और नृत्य : कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे. इस मौके पर राजस्थान पुलिस की आरएसी बटालियन के जवानों ने चंग की थाप पर पारंपरिक होली गीतों और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिससे माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी सेवाओं की सराहना की. समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित होली पूजन ने सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह रंगोत्सव प्रदेश में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और समृद्धि लेकर आए.



