होलिका दहन आज रात लेकिन होली 4 मार्च को, ग्रह-गोचर के हिसाब से जानिए भारत और छत्तीसगढ़ के हालात
ग्रहण की वजह से होलिका दहन 2 और 3 मार्च की दरमियानी रात की जाएगी. ग्रह गोचर के नजरिए से छत्तीसगढ़ में होली शांतिपूर्ण रहेगी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 3:28 PM IST
रायपुर: साल 2026 में होली का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा. इस बार तिथियों और ग्रह-गोचर के कारण पारंपरिक दिन में बदलाव देखने को मिल रहा है. इस वर्ष होलिका दहन 2 और 3 मार्च की दरमियानी रात को किया जाएगा. 2 मार्च की शाम 5:57 बजे से पूर्णिमा तिथि शुरू होगी और उसी समय भद्रा भी लग जाएगी. भद्रा 3 मार्च की सुबह 4:32 बजे तक रहेगी. ऐसी स्थिति में होलिका दहन का शुभ मुहूर्त 3 मार्च की रात 1:22 बजे से सुबह 5:00 बजे तक रहेगा.
3 मार्च को क्यों नहीं खेली जाएगी होली?
ध्यान रखने वाली बात यह है कि सूर्योदय से पहले होलिका दहन करना चाहिए और भद्रा काल में दहन नहीं किया जाता. होलिका दहन देर रात होने के कारण 3 मार्च को रंगों की होली नहीं खेली जाएगी. इस बार रंगों की होली 4 मार्च को ही मनाई जाएगी.
3 मार्च को ग्रहण का प्रभाव
साल 2026 में 3 मार्च को ग्रहण लग रहा है. ग्रहण का सूतक 3 मार्च से प्रभावी हो जाएगा. ग्रहण का समय सुबह 6:20 बजे से शाम 6:47 बजे तक रहेगा. माना जा रहा है कि ग्रहण मोक्ष काल में भारत में कुछ समय के लिए दिखाई दे सकता है. ग्रहण और सूतक काल के कारण 3 मार्च को धार्मिक कार्य करना उचित नहीं माना गया है.
छत्तीसगढ़ और भारत में होली का ज्योतिषीय विश्लेषण
ज्योतिष एवं वास्तुविद पंडित प्रियाशरण त्रिपाठी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में फिलहाल आनंद की स्थिति है लेकिन भारत के नजरिए से शांति का अभाव है. छत्तीसगढ़ का जन्म 1 नवंबर को माना जाता है और इसकी जन्म लग्न कर्क राशि है. ग्रहों की वर्तमान स्थिति के अनुसार तीसरे स्थान पर मंगल, राहु, सूर्य और बुध स्थित हैं. इससे अंगारक दोष और गण दोष का निर्माण हो रहा है. उनके अनुसार छत्तीसगढ़ में होली का पर्व शांतिपूर्ण और आनंदमय रहेगा. किसी बड़ी अशांति के संकेत नहीं हैं.
भारत के नजरिए से क्या संकेत?
भारत के स्तर पर शांति में कुछ कमी दिखाई दे सकती है. सत्ता में असुरक्षा की भावना और जनता में असंतोष हो सकता है. त्योहार का उत्साह अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है. उनका मानना है कि इस बार होली का उत्साह सामान्य वर्षों की तुलना में थोड़ा कम रह सकता है.

