चंग की थाप पर सजी सियासी होली: कांग्रेस नेताओं का लगा जमावड़ा, अशोक चांदना, प्रमोद भाया संग थिरके
पारंपरिक फाग दंगल और लोक गायकों की गूंज ने होली आयोजन को जीवंत बना दिया.

Published : March 4, 2026 at 9:28 AM IST
बूंदी : रंगों के पर्व होली पर बूंदी शहर में इस बार केवल गुलाल ही नहीं उड़ा, बल्कि सियासत के रंग भी पूरे शबाब पर नजर आए. पूर्व मंत्री और हिंडोली से विधायक अशोक चांदना के बूंदी स्थित आवास पर आयोजित भव्य होली मिलन समारोह ने लोक संस्कृति, उत्साह और राजनीतिक एकजुटता का अनोखा संगम पेश किया. मंगलवार को सुबह से ही विधायक आवास पर नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया. परिसर में प्रवेश करते ही गुलाल की भीनी-भीनी खुशबू और रंगों से सराबोर चेहरों की मुस्कान ने आगंतुकों का स्वागत किया. ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो बूंदी की धरा पर ब्रज की होली उतर आई हो. विधायक के नृत्य का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है.
चंग-ढोल की थाप पर झूमे जनप्रतिनिधि : राजस्थानी लोक संस्कृति की आत्मा कहे जाने वाले चंग और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जब फाग गीतों की मधुर स्वर लहरियां गूंजीं तो माहौल पूरी तरह रंगमय हो उठा. पारंपरिक फाग दंगल और लोक गायकों की गूंज ने आयोजन को जीवंत बना दिया. इसी दौरान अंता से कांग्रेस विधायक प्रमोद जैन भाया और हिंडोली विधायक अशोक चांदना खुद को रोक नहीं पाए. चंग की थाप तेज हुई तो दोनों नेता भी रंगों में सराबोर होकर मंच के सामने जमकर थिरकते नजर आए. कार्यकर्ताओं ने तालियों और उत्साह के साथ उनका हौसला बढ़ाया. नेताओं का यह सहज और उत्साहपूर्ण रूप लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा. राजनीतिक मंचों की गंभीरता से अलग, यहां जनप्रतिनिधियों का यह रंगीन और लोकधर्मी अंदाज देखने को मिला.
लोक परंपरा और आधुनिक राजनीति का संगम : समारोह में पारंपरिक परिधान रंग-बिरंगी पिचकारियों ने होली के उल्लास को और बढ़ा दिया. फाग गीतों में राधा-कृष्ण के प्रसंगों के साथ समकालीन सामाजिक संदेश भी सुनाई दिए. अशोक चांदना ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए होली को भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि रंगों का यह पर्व हमें मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के करीब आने का संदेश देता है. वहीं, प्रमोद जैन भाया ने भी कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया. होली के इस खास मौके पर बूंदी में जो दृश्य उभरा, वह केवल उत्सव का नहीं बल्कि राजनीतिक सक्रियता का भी प्रतीक बना.
होली मिलन के कुछ छायाचित्र आपके साथ साझा कर रहा हूँ l pic.twitter.com/qq2iMoo5LD
— Ashok Chandna (@AshokChandnaINC) March 4, 2026
रंगों के साथ संवाद का मंच : यह आयोजन केवल रंग-गुलाल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक सौहार्द, राजनीतिक संवाद और आपसी मेलजोल का भी सशक्त मंच बना. विभिन्न क्षेत्रों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं. समारोह में केशोरायपाटन से विधायक सीएल प्रेमी, कोटा की कांग्रेस जिला अध्यक्ष राखी गौतम, कोटा ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, करण सिंह राठौड़, अर्बन बैंक चेयरमैन सत्येश शर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष जावेद जेड, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रावती कंवर, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष निशांत नुवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
हैप्पी होली #HappyHoli pic.twitter.com/mjBjax3I6Z
— Ashok Chandna (@AshokChandnaINC) March 3, 2026

