राजनीतिक रंगों की बौछार: सीएम हाउस से सिविल लाइंस तक धूमधाम से मनी होली
जयपुर में सियासी रंगों की होली. सीएम भजनलाल, प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आवास पर खेली होली...

Published : March 4, 2026 at 4:09 PM IST
जयपुर: राजधानी जयपुर में होली का पर्व इस बार राजनीतिक रंगों के साथ विशेष उल्लास में मनाया गया. जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर भव्य होली महोत्सव का आयोजन हुआ, जहां प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने पहुंचे. प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी अपने सिविल लाइन स्थति आवास पर आमजन के साथ गुलाल और अबीर से होली खेली और सभी को पर्व की बधाई दी.
बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत हर वर्ग के लोगों ने उत्साह : मुख्यमंत्री निवास (CMR) में बड़ी संख्या में लोग गुलाल लेकर पहुंचे. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत हर वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. मुख्यमंत्री लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें अबीर-गुलाल लगाते नजर आए. वहीं, आमजन ने भी उन पर प्यार का रंग डाला. पूरा परिसर 'होली रे रसिया' के पारंपरिक गीतों से गूंज उठा. कार्यक्रम में बृज नगर की भारतीय कला संस्थान की ओर से होली पार्टी की प्रस्तुति दी गई.
वहीं, फतेगढ़ शेखावाटी की गो वत्स फाग मंडली ने पारंपरिक फाग गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया. इस दौरान डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकान्त भारद्वाज सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ समर्थक मौजूद रहे.
पढ़ें : Exclusive : मदन राठौड़ बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत, कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत
यह भाईचारा बढ़ाने का पर्व : इसी क्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के आवास पर भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर गुलाल लगाकर बधाई दी. इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गौरा, प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र कटारा, डॉ. मनीषा सिंह, प्रेम सिंह बनवासा, अनुराग जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
— Diya Kumari (@KumariDiya) March 4, 2026
मदन राठौड़ ने कहा कि होली का त्योहार भारत में बड़े उल्लास के साथ मनाया जाता है और यह भाईचारा बढ़ाने का पर्व है. उन्होंने कहा कि यदि किसी से कोई शिकवा-शिकायत हो तो उसे दूर करने का यह सबसे उपयुक्त समय है. लोगों को एक-दूसरे के घर जाकर मिठाई बांटनी चाहिए और संवाद स्थापित करना चाहिए. उन्होंने सुरक्षित और मर्यादित ढंग से होली मनाने की अपील करते हुए कहा कि अच्छी गुणवत्ता की गुलाल और रंगों का ही उपयोग करें, ताकि किसी को कोई कष्ट न हो.
मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा : वहीं, सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ फूलों की होली खेली. विद्याधर नगर विधानसभा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने इस आयोजन में भाग लिया. ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक गीतों के बीच सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और पुष्प वर्षा कर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया.
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक समरसता, एकता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है. होली हमें मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता का स्नेह उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा देता है.

