10 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर धौलपुर से गिरफ्तार, बदमाश के खिलाफ दुष्कर्म और डकैती जैसे दर्जनभर मामले दर्ज
सूरजगढ़ थाने में दर्ज एक मामले में पुलिस को आरोपी की तलाश थी.

Published : May 28, 2026 at 5:11 PM IST
जयपुर: राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने इनामी अपराधियों और हार्डकोर बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. झुंझुनू जिले में 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश और सूरजगढ़ थाने के हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर उर्फ कर्मसिंह को सीआईडी सीबी ने धौलपुर से पकड़ा है. वह दलित युवक के अपहरण और जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी है. पुलिस को इस मामले में उसकी लंबे समय से तलाश थी. वह राजस्थान और अन्य राज्यों में फरारी काट रहा था. सीआईडी क्राइम ब्रांच की डीआईजी राशि डोगरा डूडी और एएसपी नेहा अग्रवाल के सुपरविजन में गठित एक विशेष टीम ने उस पर शिकंजा कसा और पकड़ लिया.
पुख्ता सूचना मिलने पर घेराबंदी कर पकड़ा: एडीजी बिपिन कुमार पांडेय ने बताया कि एसआई शैलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम को इनपुट मिला था कि हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर नागपुर से ग्वालियर होते हुए धौलपुर की ओर आ रहा है. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था. एएसआई शंकर दयाल शर्मा और झुंझुनू डीएसटी के एएसआई शशिकांत ने तकनीकी रूप से जानकारी को डवलप किया. पुख्ता जानकारी मिलते ही टीम ने धौलपुर जिले के कोतवाली थाना इलाके में सागरपाड़ा पुलिस चौकी के सामने घेराबंदी की और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ लिया.
पढ़ें: दोस्त की बंदूक बनी काल, हिस्ट्रीशीटर महेश की मौत, पेट में गोली लगने से हुआ था घायल
दुष्कर्म और डकैती जैसे दर्जनभर मामले दर्ज: 37 वर्षीय कर्मवीर उर्फ कर्मसिंह झुंझुनू जिले में सूरजगढ़ थाना इलाके के किढ़वाणा गांव का रहने वाला है. वह आदतन और शातिर अपराधी है. उसके खिलाफ राजस्थान और पड़ोसी राज्यों के अलग-अलग थानों में एक दर्जन से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ चिड़ावा थाने में अपहरण और दुष्कर्म के दो मामले हैं. खेतड़ी नगर, बहल, सूरजगढ़, झुंझुनू सदर, बगड़, झोटवाड़ा (जयपुर) और भोजासर (जोधपुर) में चोरी और लूट के और सूरजगढ़ व चिड़ावा में जानलेवा हमला, आगजनी और सार्वजनिक शांति भंग करने के गंभीर मामले हैं.
पढ़ें: Alwar Crime : हिस्ट्रीशीटर 'सरकार' गिरफ्तार, जयपुर रेंज IG ने किया था 50 हजार का इनाम घोषित
दलित युवक को अगवा कर दी थी धमकी: सूरजगढ़ थाने में दर्ज एक मामले में पुलिस को आरोपी की तलाश थी. उसके व साथियों के खिलाफ पीड़ित दीपक मेघवाल ने अक्टूबर 2025 में जातिसूचक गालियां देने, सरेआम मारपीट करने और बाइक पर अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया. आरोपियों ने पीड़ित और उसके चाचा को धर्मकांटा पर बंधक बनाकर मारपीट की और मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया. वारदात के बाद से ही वह फरार था. उसकी गिरफ्तारी पर झुंझुनू एसपी ने 10 हजार रुपए का ईनाम रखा था. उसे झुंझुनू की सूरजगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है.

