ETV Bharat / state

होली चाइल्ड स्कूल के छात्र रिहान ने कराटे में बढ़ाया हिसार का मान, हरियाणा स्टेट कराटे चैंपियनशिप में जीता कांस्य

हिसार के होली चाइल्ड स्कूल के छात्र रिहान सिंधु ने हरियाणा स्टेट कराटे चैंपियनशिप 2026 में कांस्य पदक जीतकर गौरव बढ़ाया.

Rehan Sindhu won Bronze Medal
होली चाइल्ड स्कूल के छात्र रिहान ने कराटे में बढ़ाया हिसार का मान (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 6, 2026 at 10:16 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हिसार: हिसार के होली चाइल्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र रिहान सिंधु ने हरियाणा स्टेट कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, परिवार और जिले का नाम रोशन किया है. 11 वर्षीय रिहान ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और बेहतरीन तकनीक के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खुद को साबित किया.

500 खिलाड़ियों के बीच दिखाई प्रतिभा: यूनाइटेड कराटे एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के तत्वावधान में 26 और 27 मई 2026 को बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया. कक्षा आठवीं के छात्र रिहान सिंधु ने अंडर-12 आयु वर्ग की 35 किलोग्राम भार श्रेणी में मुकाबला किया और शानदार प्रदर्शन से कांस्य पदक अपने नाम किया.

पहले मुकाबले में एकतरफा जीत: रिहान ने अपने पहले मुकाबले में बहादुरगढ़ के अर्नव को 4-0 के एकतरफा स्कोर से हराकर दमदार शुरुआत की. इसके बाद सेमीफाइनल में हांसी के हर्षित के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. कड़े संघर्ष के बावजूद रिहान 2-4 से मुकाबला हार गए, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर कांस्य पदक जीतने में सफल रहे.

कोच और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय: रिहान ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कोच संतोष सिंह राठन के मार्गदर्शन के साथ विद्यालय के पीटीआई रामनिवास, नीतू और मीनाक्षी के सहयोग को दिया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनकी फुर्ती, सटीक तकनीक और उत्कृष्ट खेल भावना ने सभी का ध्यान आकर्षित किया.

विद्यालय प्रबंधन ने जताया गर्व: विद्यालय के प्रबंध निदेशक आर. एस. सिंधु ने कहा कि, "रिहान की यह उपलब्धि उनके समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है. हमारा विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी विद्यार्थियों को सर्वश्रेष्ठ मंच देने के लिए संकल्पबद्ध है. हमें विश्वास है कि रिहान आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा का नाम रोशन करेगा."

विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणा: विद्यालय की प्राचार्या अनीता पन्नू दलाल ने कहा कि, "रिहान ने साबित कर दिया कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है. उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है." स्कूल ने रिहान को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

ये भी पढ़ें:एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य जीत लौटी सोनीपत की पहलवान निशा, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, बोलीं- "अब भारत के लिए गोल्ड ही लक्ष्य"