हिसार में पुलिस एनकाउंटर, गैंगस्टर मूसा घायल, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 35 केस
हिसार में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, इस दौरान आरोपी के पांव में गोली लग गई.


Published : February 14, 2026 at 10:29 AM IST
हिसार: हिसार में सीआईए और कुख्यात अपराधी पवन मूसा के बीच मुठभेड़ हो गई. घेराबंदी के दौरान मूसा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में पीएसआई नवीन कुमार बाल-बाल बचे. उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर चेस्ट साइड में एक गोली लगी. जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बदमाश की ओर फायरिंग की, जिसमें एक गोली मूसा के पैर में लगी. पुलिस ने बदमाश को घायल हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है. अस्पताल में पुलिस ने सिक्योरिटी बढ़ा दी.
मुठभेड़ में आरोपी घायल: डीएसपी कमलजीत ने बताया कि "CIA टीम को सूचना मिली थी कि बदमाश पवन उर्फ मूसा पीरावली फ्लाईओवर के पास आ रहा है. इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और उसे घेर लिया. खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया. जवाबी कार्रवाई में सीएआईए टीम ने भी फायरिंग कर दी. आरोपी के पास से एक 32 बोर की पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए गए हैं. आरोपी पहले ही संगीन अपराधों में शामिल रह चुका है. आरोपी पर 35 केस दर्ज हैं. पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया".
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई केस: डीएसपी ने बताया कि "मूसा कई दिनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था. हिसार में नकली साइबर टीम बनकर लोगों से हथियार के बल पर यूएसटीएटी एवं ऑनलाइन राशि ट्रांसफर कराने के संबंध में दर्ज दो मामलों 579/शहर और 810/बरवाला में सीआईए-1 द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही थी. इन मामलों में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था. पुलिस जब सूचना के आधार पर चौथे आरोपी पवन को पकड़ने पहुंची तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की तो पवन उर्फ मूसा के पैर पर गोली लग गई. घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया. मालमे में आगामी जांच और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है".

