पीएम मोदी की 'फिट इंडिया' मुहिम के ब्रांड एंबेसडर का जलवा, पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा
हिसार के पर्वतरोही नरेंद्र कुमार ने तमाम चुनौतियों को करारा जवाब देते हुए, माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप (5,364 मीटर) पर तिरंगा फरहाया.


Published : January 4, 2026 at 11:29 AM IST
|Updated : January 4, 2026 at 12:12 PM IST
हिसार: हरियाणा में हिसार के पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि को अपने नाम किया है. जिले के नलवा विधानसभा क्षेत्र में गांव मिंगनी खेड़ा के रहने वाले पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने 30 दिसंबर को विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप (5,364 मीटर) पर भीषण सर्दी और -40 डिग्री सेल्सियस तापमान में भारतीय तिरंगा फहरा कर देश का गौरव बढ़ाया है. नरेंद्र कुमार का लक्ष्य दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर भारतीय तिरंगा फहराना है. उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश भर में खुशी का माहौल है.
मुश्किलें तोड़ नहीं पाई हौसला: पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने इस अभियान की शुरुआत 24 दिसंबर 2025 को की थी. अभियान के दौरान खराब मौसम, तेज बर्फबारी और अत्यधिक ठंड जैसी विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति-अनुशासन के साथ इस मिशन को सफल किया है.

पिता ने बेटे को किया मोटिवेट: पर्वतारोही नरेंद्र कुमार के पिता सुभाष चंद्र हमेशा अपने बेटे के लिए प्रेरणास्त्रो और मार्गदर्शक रहे हैं. नरेंद्र कुमार ने पर्वतारोहण की यात्रा साल 2019 से शुरू की थी. जब उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, मनाली से बेसिक कोर्स किया. इसके बाद उन्होंने 2021 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग से एडवांस कोर्स भी पूरा किया. उनके पिता सुभाष चंद्र, जो एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर के पद से सेवानिवृत हैं, हमेशा अपने बेटे को मोटिवेट करते रहे.
कई रिकॉर्ड नरेंद्र कुमार के नाम: पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने पहले भी विश्व की दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहरा चुके हैं. उन्होंने अभी तक माउंट मनास्लु (8,163 मीटर) की सफल चढ़ाई की है और वे माउंट अन्नपूर्णा (8,091 मीटर) पर तिरंगा फहराने वाले पहले हरियाणवी पर्वतारोही हैं. इसके अलावा, वे माउंट ल्होत्से (8,516 मीटर) पर चढ़ाई करने वाले हरियाणा के पहले व्यक्ति भी हैं. उन्होंने माउंट किलिमंजारो पर मात्र पांच दिनों में दो बार चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है.

फिट इंडिया मुहिम के ब्रांड एंबेसडर भी हैं जनाब: नरेंद्र कुमार ने 15 अगस्त 2021 को आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर माउंट युनम पर 151 फीट लंबा और 9 फीट चौड़ा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति का अनुपम उदाहरण पेश किया था. इसके अलावा, जुलाई माह में उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस, 5642 मीटर को भी फतह किया है. बता दें कि पर्वतारोही नरेंद्र कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया मुहिम के ब्रांड एंबेसडर हैं. वे युवाओं को नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और खेल व एडवेंचर को करियर के रूप में अपनाने की सलाह देते हैं और निरंतर प्रेरित भी करते हैं.
ये भी पढ़ें: हिसार के पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने बनाया कीर्तिमान, विश्व की 8वीं सबसे ऊंची चोटी माउंट मनास्लु पर फहराया तिरंगा

