हांसी SP विनोद कुमार का EXCLUSIVE इंटरव्यू, बोले - "स्वतंत्रता दिवस समारोह को बाधित करना देशद्रोह जैसा, पुलिस ने लिया जरूरी एक्शन"
हांसी के एसपी विनोद कुमार ने ईटीवी भारत से एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को बाधित करना देशद्रोह जैसा काम है.

Published : August 16, 2026 at 5:30 PM IST
|Updated : August 16, 2026 at 6:03 PM IST
हांसी : हरियाणा के हांसी के SP विनोद कुमार ने 15 अगस्त को हुए किसान-पुलिस टकराव और पुलिस द्वारा कार्रवाई को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त हमारा राष्ट्रीय पर्व है और तिरंगा हमारी शान है. तिरंगा न फहराने देने और स्वतंत्रता दिवस समारोह को बाधित करने की कॉल देना उनके नजर में देशद्रोह और राष्ट्रद्रोह जैसा काम है. हांसी में उपद्रव फैलाने वाले 10 किसान नेताओं को आज पुलिस ने कोर्ट पेश किया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है.
"ट्रैक्टर पुलिस पर चढ़ाने की कोशिश हुई": SP विनोद कुमार ने बताया कि हिसार में हुए एक हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने 15 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ हांसी की ओर कूच किया. इस दौरान कई बाहरी नाकों और बैरिकेड्स को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की गई. पुलिस के अनुसार, कुछ जगहों पर ट्रैक्टर पुलिस पर चढ़ाने की कोशिश भी हुई और बाद में पुलिस पर पथराव किया गया.
"10 लोगों की गिरफ्तारी हुई": SP विनोद कुमार ने कहा कि जब प्रदर्शनकारी कार्यक्रम स्थल के आसपास पहुंच गए तो उन्हें खुद मौके पर जाना पड़ा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी. उन्होंने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है, और मौके से कई लोगों को पकड़ा गया. अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. करीब 15-16 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज है, जबकि अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार लोगों में सुरेश कोथ और नंबरदार का नाम भी शामिल बताया गया है.
"9 की गिरफ्तारी हुई, 1 की गिरफ्तारी बाकी" : SP के मुताबिक, मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े कानूनों के तहत भी कार्रवाई की गई है. हिसार के हत्याकांड को लेकर SP ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की थी. उनके अनुसार, मामले में करीब नौ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और एक आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है. उन्होंने कहा कि जांच में समय लगता है, लेकिन राष्ट्रीय पर्व को बाधित करने की कॉल देना और कार्यक्रम को रोकने की कोशिश करना स्वीकार नहीं किया जा सकता.
"पुलिस पर पथराव किया गया": SP विनोद कुमार ने कहा कि प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य नेहरू कॉलेज ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचकर कार्यक्रम को बाधित करना और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में व्यवधान पैदा करना था. इसी वजह से पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी. बैरिकेडिंग को लेकर उन्होंने कहा कि पुलिस ने कई जगह मजबूत बैरिकेड लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टरों से उन्हें तोड़ने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस पर पथराव भी किया गया. उन्होंने कहा कि मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कानून के तहत कार्रवाई की.
"15 अगस्त के कार्यक्रम को बाधित करना सही कदम नहीं": महिला की ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने के सवाल पर SP ने कहा कि 15 अगस्त के कार्यक्रम को बाधित करना, तिरंगे का अपमान करना और तिरंगा ना फहराने देने की कॉल देना कोई सही कदम नहीं है. ऐसे मामलों में पुलिस को कानून के अनुसार कार्रवाई करनी ही पड़ेगी. आगे की कार्रवाई पर SP ने कहा कि मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि अगर भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां होती हैं तो कानून के मुताबिक कार्रवाई जारी रहेगी.
"आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने किया गया पेश" : टोल प्लाजा रोकने की चर्चाओं पर SP ने कहा कि ऐसी कॉल की जानकारी पुलिस को मिली है. उन्होंने बताया कि हांसी के अलावा हिसार और जींद सहित अन्य जगहों पर भी इस तरह की बातें सामने आई हैं. स्थिति के अनुसार पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. गिरफ्तार आरोपियों को लेकर SP विनोद कुमार ने बताया कि कानून के मुताबिक गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाता है और गिरफ्तार लोगों को अदालत में पेश कर दिया गया है.
"भ्रामक वीडियो के आधार पर निष्कर्ष ना निकालें" : सोशल मीडिया पर पुलिस की लाठीचार्ज और पत्थरबाजी से जुड़े अलग-अलग वीडियो वायरल होने के सवाल पर SP ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अधूरी या भ्रामक वीडियो के आधार पर निष्कर्ष ना निकालें. उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके की परिस्थितियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की और मामले में कानून के तहत आगे भी कार्रवाई की जाएगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : भारी बवाल के बीच सीएम ने हांसी में फहराया तिरंगा, बोले- '1857 की क्रांति में यहां के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया था'
ये भी पढ़ें : लाठीचार्ज और पथराव के बाद अब कैसे हैं हांसी में हालात? क्यों हुआ स्वतंत्रता दिवस पर संग्राम?
ये भी पढ़ें : हांसी में आमने-सामने प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी, लाठीचार्ज के बाद हुआ पथराव, एसपी-डीएसपी समेत कई लोग घायल

