लखनऊ में उन्नाव के युवक की हत्या; दुबग्गा थाना क्षेत्र में नहर किनारे मिला शव, ड्राइवर समेत 3 हिरासत में
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. आशंका है कि इसी वजह से हत्या की गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 8:06 PM IST
|Updated : August 30, 2026 at 8:21 PM IST
लखनऊ : मूलरूप से उन्नाव निवासी युवक धीरेंद्र प्रताप सिंह की लखनऊ में हत्या कर शव दुबग्गा थाना क्षेत्र के सराय प्रेम राजनगर स्थित छोटी नहर किनारे फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. धीरेंद्र का शव औंधे मुंह पड़ा देख किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की शिनाख्त के बाद इस मामले में धीरेंद्र के ड्राइवर समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए.
धीरेंद्र मूल रूप से उन्नाव के रहने वाले थे और वर्तमान में सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में परिवार के साथ रहते थे धीरेंद्र महाराणा प्रताप चैरिटेबल फाउंडेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्नाव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के चलते धीरेंद्र की हत्या की गई है. हालांकि पुलिस अभी मामले की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है.
अपहरण की शिकायत के बाद मिला शव : धीरेंद्र की पत्नी ममता ने 29 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर पति के अपहरण की आशंका जताई थी. पत्नी ने आरोप लगाया था कि धीरेंद्र के ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण किया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी. इसके बाद रविवार शाम सराय प्रेम राजनगर स्थित छोटी नहर के पास शव मिलने की सूचना मिली. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान धीरेंद्र के रूप में होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई.
छह टीमें जांच में जुटीं : डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि धीरेंद्र की पत्नी की ओर से उनके अपहरण की शिकायत की गई थी. इस मामले के अनावरण के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं. सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है. ड्राइवर समेत दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें : कानपुर में महिला की संदिग्ध मौत पर बवाल, हाईवे पर शव रख लगाया जाम, पथराव में दो इंस्पेक्टर घायल

