अलीगढ़ में गोवंश का अवशेष मिलने पर हिंदू संगठन का हंगामा, पुलिस ने जांच के लिए सैंपल लिए
मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश की जा रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 11, 2026 at 7:30 PM IST
अलीगढ़ : अकराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को गोवंश का अवशेष मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही हिंदू संगठन गांव जिरौली हीरासिंह के पास रजवाहे में पहुंचे और हंगामा करने लगे. स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.
नहर के करीब कुछ संदिग्ध अवशेष दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और गोवंश अवशेष होने की आशंका जताते हुए विरोध जताने लगे.
हंगामे की सूचना मिलते ही अकराबाद थाना पुलिस, पिलखना चौकी पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया.
पुलिस क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह ने बताया कि रविवार को थाना अकराबाद की पिलखना चौकी क्षेत्र से सूचना मिली थी कि जिरौली पिलखना बंबे (नहर) के करीब में गोवंश के कुछ अवशेष मिले हैं. सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. आस-पास के लोगों ने अवशेषों को पानी से बाहर निकाल लिया था. मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया और अवशेषों की सैंपलिंग कराई गई.
पुलिस क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह ने बताया, जांच पड़ताल पूरी करने के बाद जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर अवशेषों को विधिवत रूप से दफना दिया गया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो. लोगों से संयम बनाए रखने की भी अपील की गई है.
हिंदू संगठन की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई है, जिसके आधार पर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है. घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवशेष वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है.
उन्होंने कहा कि मौके पर पूरी तरह शांति है और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है. जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे.
यह भी पढ़ें : अमरोहा में धर्म परिवर्तन के आरोप पर बजरंग दल का हंगामा, चर्च में चल रही थी प्रार्थना सभा, पुलिस ने सभी को वापस भेजा

