हिमाचल में घर खरीदने वालों के लिए खुशखबरी! HIMUDA यहां बनाएगा इतने फ्लैट्स, इन लोगों को मिलेगा फायदा
प्रदेश सरकार नियोजित टाउनशिप के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि भविष्य में शहरीकरण को संतुलित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 9, 2026 at 10:04 PM IST
|Updated : February 9, 2026 at 10:16 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. राजधानी शिमला के नजदीक जाठिया देवी क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण यानी हिमुडा एक बड़ी और महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना शुरू करने जा रहा है. इस परियोजना के तहत कुल 919 फ्लैट बनाए जाएंगे. सरकार का उद्देश्य न केवल किफायती आवास उपलब्ध कराना है, बल्कि शिमला में बढ़ती भीड़ को भी नियंत्रित करना है.
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग मंत्री राजेश धर्माणी ने शिमला में हिमुडा की निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में उन्होंने कहा कि हिमुडा आम लोगों को सस्ती और बेहतर आवासीय सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है. प्रदेश सरकार नियोजित टाउनशिप के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि भविष्य में शहरीकरण को संतुलित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके.
राजेश धर्माणी ने बताया कि शिमला के पास जाठिया देवी क्षेत्र में पहले चरण में 241 बीघा भूमि पर लगभग 1,327 करोड़ रुपये की लागत से 919 आवासीय यूनिट विकसित की जाएंगी. इस परियोजना से शिमला शहर पर जनसंख्या और ट्रैफिक का दबाव कम होगा. साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

खास लोगों को मिलेगा विशेष लाभ
इस आवासीय योजना की एक खास बात यह है कि हिमुडा ने ओलंपिक और एशियन गेम्स के पदक विजेताओं, गैलेंट्री अवॉर्ड प्राप्तकर्ताओं और चिल्ड्रन ब्रेवरी अवॉर्डीज़ के लिए आवासीय प्लॉट और फ्लैट्स में विशेष कोटा तय करने का फैसला किया है. सरकार का मानना है कि यह कदम देश और समाज के लिए योगदान देने वाले लोगों के सम्मान का प्रतीक है.
नई टाउनशिप परियोजनाओं को भी हरी झंडी
बैठक में सोलन जिले के बद्दी के शीतलपुर में प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप, पच्छाद क्षेत्र के मोरनी हिल्स और कांगड़ा एयरपोर्ट के पास लंज में बनने वाली नई टाउनशिप के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रारंभिक प्रावधान मंजूर किया गया. इन परियोजनाओं के तहत आधारभूत ढांचे से जुड़ी गतिविधियां जल्द शुरू होंगी.
अन्य जिलों में भी विकास कार्य
हिमुडा बोर्ड ने बिलासपुर जिले के घुमारवीं में 7.69 करोड़ रुपये की लागत से 17 दुकानों और दो हॉल सहित एक व्यावसायिक परिसर के निर्माण को मंजूरी दी. इसके अलावा कांगड़ा जिले के श्री ज्वाला जी शक्ति विहार कॉलोनी में 18.61 करोड़ रुपये की लागत से 130 प्लॉट और कमर्शियल स्पेस विकसित किए जाएंगे. ऊना के छेत्रा क्षेत्र में औद्योगिक परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है. बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि जिन लोगों को हिमुडा द्वारा अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा, यदि वे 45 दिनों के भीतर एकमुश्त भुगतान करते हैं तो उन्हें 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. इसके साथ ही लैंड पुलिंग पॉलिसी, बाय-बैक पॉलिसी और रिडेवलपमेंट पॉलिसी को भी मंजूरी दी गई है.
ये भी पढ़ें: पर्यटन को ब्रांड बनाने की तैयारी में सुक्खू सरकार, कांगड़ा बनेगा टूरिज्म कैपिटल, ADB प्रोजेक्ट्स पर फोकस

