ETV Bharat / state

शिमला में इस दिन लगेगा 'हिम MSME फेस्ट', वैश्विक मंच पर चमकेगा पहाड़ का हुनर, छोटे उद्यमियों और कारीगरों के हौसलों को मिलेगी उड़ान

नये साल में शिमला के रिज मैदान पर लगेगा हिम MSME फेस्ट.

शिमला में लगेगा 'हिम MSME फेस्ट'
शिमला में लगेगा 'हिम MSME फेस्ट' (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 2, 2026 at 1:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान एक बार फिर एक बड़े बदलाव और गौरवशाली पल का गवाह बनने जा रहा है. प्रदेश में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और 'आत्मनिर्भर हिमाचल' के संकल्प को सिद्ध करने के लिए 3 जनवरी से 5 जनवरी 2026 तक 'हिम MSME फेस्ट 2026' का भव्य आयोजन किया जा रहा है.

रिज मैदान और PETERHOFF में प्रदर्शनी देखने को मिलेगी. उद्योग विभाग द्वारा आयोजित इस मेगा इवेंट का मुख्य उद्देश्य हिमाचल के स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाना, महिला उद्यमियों को सशक्त बनाना और युवाओं को स्टार्टअप की दुनिया से जोड़ना है.

सीएम सुखविंदर ने दी 'हिम MSME फेस्ट' के बारे में जानकारी (Himachal Govt)

वैश्विक मंच पर चमकेगा पहाड़ों का हुनर

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस फेस्ट को प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया है. सीएम सुक्खू ने कहा, 'यह महोत्सव केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे हजारों कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्टार्टअप्स के सपनों को उड़ान देने का मंच है. पहाड़ों का हुनर अब वैश्विक मंच पर चमकेगा. हम हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. हम चाहते हैं कि प्रदेश का वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और ग्रामीण उद्यम अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाएं.फेस्ट के दौरान स्टार्टअप अवार्ड्स और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी नवाचार (Innovation) के लिए प्रेरित हो सके'.

फेस्ट की मुख्य विशेषताएं और आकर्षण

  • अवधि: 3 जनवरी से 5 जनवरी 2026
  • स्थान: शिमला रिज मैदान, पीटर हॉफ
  • प्रदर्शनी: पूरे हिमाचल के हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन.
  • फैक्ट्री आउटलेट जोन: 50 से अधिक ब्रांड्स के स्टॉल जहां फैक्ट्री रेट पर सामान मिलेगा.
  • महिला सशक्तिकरण: महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को विशेष प्राथमिकता.
  • सांस्कृतिक संध्या: प्रदेश की समृद्ध लोक कला और संस्कृति का प्रदर्शन.
  • स्टार्टअप इंडिया: नए उद्यमियों के लिए सफलता की कहानियों और मार्गदर्शन का सत्र.

पहली बार दिखेगा 'फैक्ट्री आउटलेट जोन'

उद्योग विभाग के निदेशक डॉ. यूनुस ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी. डॉ. यूनुस ने बताया, 'इस साल का फेस्ट आम उपभोक्ताओं के लिए बेहद खास होने वाला है. महोत्सव के इतिहास में पहली बार एक विशेष 'फैक्ट्री आउटलेट जोन' स्थापित किया जा रहा है. यहां करीब 50 प्रतिष्ठित ब्रांड्स के स्टॉल लगेंगे. हमारा उद्देश्य औद्योगिकीकरण का सीधा लाभ आम आदमी तक पहुंचाना है. फैक्ट्री आउटलेट मॉडल से उपभोक्ता को सीधे निर्माता से जुड़ने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद कम कीमतों पर उपलब्ध होंगे'.

प्रबंधन देख रहे मैनेजर गोवर्धन दास ने बताया, 'इस फेस्ट में पूरे हिमाचल की झलक देखने को मिलेगी. इस तीन दिवसीय उत्सव में पूरे हिमाचल से पारंपरिक चीजों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. हमने व्यवस्था की है कि उपभोक्ताओं को एक ही छत के नीचे खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, चमड़े के उत्पाद, स्पोर्ट्स शूज और पारंपरिक परिधान मिल सकें. यह जोन न केवल खरीदारी का केंद्र होगा, बल्कि यह छोटे उद्यमियों के लिए ब्रांड पहचान बनाने का एक सुनहरा अवसर है'.

हिम MSME फेस्ट 2026 प्रदेश के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) को मजबूत करने की एक ठोस पहल है. रिज मैदान की रौनक इस बार न केवल पर्यटकों को लुभाएंगी, बल्कि हिमाचल के पारंपरिक हुनर और आधुनिक उद्यमिता के संगम से राज्य के विकास को एक नई गति भी प्रदान करेगी.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में बढ़ते सड़क हादसों पर सरकार का फोकस, 31 जनवरी तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह