हिमाचल में आज बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, इन 8 जिलों में जमकर बरसेंगे बादल!
हिमाचल प्रदेश में आज से बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. प्रदेश में आज मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 17, 2026 at 1:20 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में आज से मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि अगले दो दिन तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश में बारिश का दौर फिर से शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में भी कमी आएगी. हालांकि किसानों-बागवानों के लिए फिर से दिक्कतें बढ़ने वाली हैं, क्योंकि अप्रैल महीने में ज्यादा बारिश और बर्फबारी से कृषि और बागवानी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है.
8 जिलों में मौसम का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज प्रदेशभर में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में भारी बारिश-बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और चंबा में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. इसके अलावा इन जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं.
कब-कब होगी बारिश-बर्फबारी
वहीं, 18 और 19 अप्रैल को मौसम विभाग ने प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है. 18 अप्रैल को निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है. इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश-बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि 19 अप्रैल को निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. वहीं, ऊंचाई और मध्य पहाड़ी इलाकों, जैसे दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी है. 20 अप्रैल को ऊंचाई वाले इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है. हालांकि मध्यम पर्वतीय और निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा.
35.4 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान
वहीं, प्रदेश में ऊना में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. इसके अलावा शिमला में 25.2, सुंदरनगर में 32.8, भुंतर में 30.6, कल्पा में 20.4, धर्मशाला में 29.0, नाहन में 32.3, केलांग में 14.6, सोलन में 30.5, कांगड़ा में 33.6, मंडी में 33.0, चंबा में 30.3, जुब्बड़हट्टी में 28.2, कुफरी में 19.2, बरठीं में 34.8 और ताबो में 17.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है.

