हिमाचल में आज 7 जिलों में बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट
हिमाचल में आज मौसम विभाग ने प्रदेशभर में बारिश-बर्फबारी के आसार जताए हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 10, 2026 at 9:42 AM IST
शिमला: हिमाचल में आज मौसम विभाग ने प्रदेशभर में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना जताई है. प्रदेश के ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है. वहीं, निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. जिससे प्रदेश में तापमान में एक बार फिर कमी आ सकती है, जिससे ठंड में इजाफा होगा. खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से यातायात बाधित होने, बिजली-पानी से संबंधित दिक्कतें आ सकती है.
हिमाचल में कल से कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश-बर्फबारी होने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. जबकि बाकी जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि कल से मौसम साफ रहने वाला है. 11 फरवरी से 13 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा. जबकि 14 और 15 फरवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है.
प्रदेश में ताबो-कुकुमसेरी रहे सबसे ठंडे
वहीं, बात करें प्रदेश में न्यूनतम तापमान की तो -9.9 डिग्री सेल्सियस के साथ ताबो और -9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा. इसके अलावा शिमला में 6.6, सुंदरनगर में 7.2, भुंतर में 5.7, कल्पा में 0.4, धर्मशाला में 5.5, ऊना में 7.5, नाहन में 9.3, पालमपुर में 10.5, सोलन में 4.5, मनाली में 2.9, कांगड़ा में 8.0, मंडी में 8.2, बिलासपुर में 6.0, जुब्बरहट्टी में 8.2, सेओबाग में 3.6, बरठीं में 7.0, कसौली में 8.3, पांवटा साहिब में 11.0, सराहन में 3.4, देहरा गोपीपुर में 10.0 और नेरी में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.

