ETV Bharat / state

हिमाचल में टूटेगा ड्राई स्पेल, इस दिन बारिश-बर्फबारी से होगा नए साल का स्वागत

हिमाचल प्रदेश में जल्द ही लंबा ड्राई स्पेल टूटने वाला है. मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी होने के संभावना जताई है.

Himachal Weather Update
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 29, 2025 at 7:18 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल में फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. प्रदेश में कल से अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहेगा. जिससे करीब 85 दिनों से चला आ रहा ड्राई स्पेल टूटने के आसार है. लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे पहाड़ी राज्य के लोगों के लिए यह बड़ी राहत की खबर मानी जा रही है. लगातार शुष्क मौसम से सेब समेत अन्य नकदी फसलों और जल स्रोतों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ने लगा है.

इन इलाकों में होगी बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में कल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो रहा है. जिसके असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. खासतौर पर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले चार दिनों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है. वहीं, मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा प्रभाव 31 दिसंबर और 1 जनवरी को रहेगा. इस दौरान प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं.

किसानों-बागवानों के लिए संजीवनी

ऐसे में लंबे ड्राई स्पेल के बाद संभावित बारिश और बर्फबारी को किसानों, बागवानों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए संजीवनी के रूप में देखा जा रहा है. वहीं, प्रशासन भी मौसम को लेकर अलर्ट मोड में हैं. बर्फबारी और बारिश से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिसलन, सड़कें बंद होने और तापमान में गिरावट जैसी चुनौतियां सामने आ सकती हैं.

Himachal Weather Update
मौसम विभाग का बारिश-बर्फबारी को लेकर पूर्वानुमान (Meteorological Department Shimla)

2 जनवरी तक खराब रहेगा मौसम

प्रदेश में कल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है.

  • 30 दिसंबर को शिमला, मंडी, चंबा, सोलन और सिरमौर जिले के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. वहीं, इस दौरान लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा और मंडी में अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ अधिक प्रभावी रहेगा है.
  • 31 दिसंबर को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं.
  • 1 जनवरी को मैदानी क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होगी. मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं.
  • 2 जनवरी को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा. मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं.

प्रदेश में हुई मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश

हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से ड्राई स्पेल जारी है. 1 दिसंबर से 28 दिसंबर तक मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई है. वहीं, इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 32.3 मिलीमीटर बारिश का है. इस तरह से प्रदेश में दिसंबर महीने में अभी तक सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश हुई है. जिसका सबसे ज्यादा खामियाजा किसानों और बागवानों को भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि बारिश और बर्फबारी की कमी से कृषि और बागवानी के काम ठप पड़ गए हैं.

ये भी पढ़ें: स्पीति में -20 डिग्री तक लुढ़का पारा, बर्फीली ठंड के बीच लाहौल घाटी में पहुंच रहे सैलानी