हिमाचल में इस दिन तक खराब रहेगा मौसम, कई जिलों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 12, 2026 at 2:32 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 16 मई तक कई जगहों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि 17 मई को ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है. वहीं, 18 मई को प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने के आसार हैं. मौसम विभाग ने आज प्रदेश में बारिश-बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
"12 और 13 मई को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इन दो दिनों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है." - संदीप शर्मा, वैज्ञानिक, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला
बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी
मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि प्रदेश में आज मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 13, 14 और 15 मई को प्रदेश में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने बताया कि 14 से 16 मई तक भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं और गर्जन के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी. हालांकि इन दिनों ओलावृष्टि की चेतावनी नहीं दी गई है. वहीं, 17 मई को प्रदेश में मध्यम पर्वतीय और निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रहेगा.
प्रदेश में इन जगहों पर बारिश रिकॉर्ड
वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. सलूणी में 15.4 मिमी, भरमौर में 12.0 मिमी, पालमपुर में 10.6 मिमी और गोंदला में 9.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा छतराड़ी, धुलाकुआं और जोत में भी बारिश हुई. वहीं, इस दौरान प्रदेश में कई जगहों पर आंधी-तूफान भी चला है. जिससे प्रदेश में कई जगहों पर काफी तबाही मची है.
प्रदेश में सबसे ठंडा रहा केलांग
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश का न्यूनतम तापमान अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य के करीब रहा, जबकि अधिकतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 1.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान ऊना में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है. साथ ही 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसके चलते मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है.

