हिमाचल में आज से बदला मौसम, भारी बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने आज बारिश-बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 11, 2026 at 10:14 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने आज से करवट ले ली है. प्रदेशभर में बीती रात अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई है, इसके साथ ही आंधी-तूफान और बिजली भी कड़की. मौसम विभाग ने आज प्रदेश में बारिश-बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. राजधानी शिमला में भी बीती रात को जमकर बारिश हुई और आंधी चली. आज सुबह भी राजधानी में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ बिजली कड़कने, आंधी-तूफान चलने, 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की है.
हिमाचल में मौसम का हाल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक प्रदेश में 16 मई तक बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहेगा. 12 और 13 मई को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 14 और 15 मई को प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई जगहों पर गरज के साथ बिजली गिरने के भी आसार हैं. कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि अधिकांश स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
16 मई तक बरसेंगे बादल
- 11 मई को उच्च और मध्य पर्वतीय इलाकों में कई जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
- 12 मई को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है. प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है. मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया है.
- 13 मई को भी प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई और निचले व मैदानी इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं. कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा चंबा और कांगड़ा में येलो अलर्ट जारी है.
- 14 मई को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि मध्य पहाड़ी और निचले व मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- 15 मई को भी प्रदेश में बारिश-बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. ऊंचाई व मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है.
- 16 मई को निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने वाला है, जबकि ऊंचाई और मध्य पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है.
बारिश-ओलावृष्टि से कृषि-बागवानी को नुकसान
गौरतलब है कि अप्रैल महीने और मई माह में हो रही भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी के चलते कृषि और बागवानी को भारी नुकसान पहुंचा है. जहां ऊंचाई वाले इलाकों में सेब, मटर और अन्य फलों की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है. वहीं, निचले इलाकों में गेहूं की फसल खराब मौसम के चलते बहुत बुरी तरह से प्रभावित हुई है. जिससे किसानों-बागवानों को इस साल खासा नुकसान पहुंचा है.

