ETV Bharat / state

हिमाचल में पहाड़ों पर धूप, मैदानों में ठिठुरन, जानें शिवरात्रि वाले दिन कैसा रहेगा मौसम?

रात के समय हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों ने ठंड के मामले में पहाड़ों की रानी 'शिमला' को भी पीछे छोड़ दिया है.

Himachal Weather Update
हिमाचल में मौसम का पूर्वानुमान (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 12, 2026 at 12:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां दिन में चटक धूप लोगों को पसीने छुड़ा रही है, वहीं रातों में मैदानी इलाकों ने ठंड के मामले में पहाड़ों की रानी 'शिमला' को भी पीछे छोड़ दिया है. बुधवार, 11 फरवरी की रात प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड दर्ज की गई.

पहाड़ों से नीचे उतरी ठंड: शिमला से ठंडे रहे ये शहर

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, शिमला का न्यूनतम तापमान 7.6°C रहा, जबकि राज्य के कई निचले जिलों में पारा इससे काफी नीचे चला गया. भुंतर 3.5°C के साथ मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा. हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लोग परेशान हैं.

पहाड़ों से नीचे उतरी ठंड!
शहरन्यूनतम तापमान (°C)
भुंतर3.5°C
सोलन4.3°C
बरठी4.7°C
सुंदरनगर5.1°C
धर्मशाला5.2°C
कांगड़ा/मंडी6.2°C
बिलासपुर7.0°C
ऊना7.2°C
शिमला7.6°C

ठंड बढ़ने के कारण

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने और ऊंचे पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण रात के तापमान में यह गिरावट देखी जा रही है. वहीं, जनजातीय क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है, जहां ताबो में पारा -8.8°C और कुकुमसैरी में -8.3°C तक लुढ़क गया है. हिमाचल में दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है. पिछले 4-5 दिनों से लगातार खिल रही धूप के कारण प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7°C ज्यादा दर्ज किया गया है.

  1. कांगड़ा: 24.7°C (सामान्य से 5.8°C अधिक)
  2. सुंदरनगर: 25.1°C (सामान्य से 5.7°C अधिक)
  3. शिमला: 17.6°C (सामान्य से 4.9°C अधिक)

एक सप्ताह तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं

मौसम विभाग के वैज्ञानिक के अनुसार, 1 जनवरी से 11 फरवरी के बीच राज्य में सामान्यतः 119.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 101.8 मिमी बारिश ही हुई है, जो सामान्य से 16% कम है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में भारी बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं. 15 फरवरी तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी. यानी इस साल शिवरात्रि के दिन प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं.

16 फरवरी को एक 'वेस्टर्न डिस्टरबेंस' (WD) सक्रिय होगा, लेकिन यह काफी कमजोर है. इसका असर केवल ऊंचे पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहेगा, जबकि बाकी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. आने वाले दिनों में शुष्क मौसम के चलते दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ेगा.

ये भी पढ़ें: 'आपदा में दफन हुआ था पूरा गांव, सरकार से सिर्फ ₹5 हजार की मदद', जमा देने वाली सर्द रातें टैंट में गुजार रहे 32 परिवार

ये भी पढ़ें: आखिर क्या है गोची उत्सव? जिसमें तीर चलाकर होती है बेटों के जन्म की भविष्यवाणी