हिमाचल में न्यू ईयर से पहले इन जगहों पर बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग का ताजा अपडेट जारी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 26, 2025 at 9:37 AM IST
शिमला: नए साल की दहलीज पर खड़े हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर चांदी की सफेद चादर बिछने की आहट सुनाई दे रही है. जिससे पहाड़ों पर ठिठुरन बढ़ने की भी संभावना जताई गई है. इसको लेकर मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी कर दी है. जिसके मुताबिक प्रदेश में नए साल का स्वागत बर्फ के फाहों से हो सकता है. ऐसे में मौसम विभाग की इस जानकारी में क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों में लाखों की संख्या में पहुंचे सैलानियों और स्थानीय लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
कब-कब होगी बारिश-बर्फबारी ?
मौसम विभाग के अनुसार, न्यू ईयर से पहले 30 और 31 दिसंबर को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम करवट बदल सकता है और उच्च पर्वतीय क्षेत्र लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू और मंडी जिलों के ऊपरी हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार प्रबल बन रहे हैं. जिससे पहाड़ों की खूबसूरती और भी निखर सकती है. वहीं, निचले इलाकों में बारिश और ठंड बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं, न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए हिमाचल का रुख कर रहे पर्यटकों के लिए यह खबर रोमांच से भर देने वाली है. होटल इंडस्ट्री में रौनक लौटने लगी है और बर्फ देखने की चाहत रखने वालों की निगाहें अब आसमान की ओर टिकी हैं.
बिलासपुर में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर जिले में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम होने के आसार हैं. इसे देखते हुए वाहन चालकों को गाड़ी चलाते वक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. वहीं, प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्र लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिले के ऊपरी हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं.
सामान्य से 99 फीसदी कम
हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से ड्राई स्पेल ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है. हिमाचल में अक्टूबर के बाद से मौसम रूठ गया है. ऐसे में नवंबर महीने में भी सामान्य से कम बारिश हुई है. वहीं, 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश में सिर्फ 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई है. जो सामान्य से 99 फीसदी कम है. इस दौरान सामान्य बारिश का आंकड़ा 27.2 मिलीमीटर बारिश का है.

