ETV Bharat / state

हिमाचल में ठंड से जमने लगे नदी-नाले, घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी, माइनस में लुढ़का पारा

हिमाचल में कड़ाके की ठंड से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है. सड़कों पर पानी जमने लगा है.

Himachal Weather Update
हिमाचल वेदर अपडेट (File ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 11, 2026 at 10:33 AM IST

|

Updated : January 11, 2026 at 11:11 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच लोग घने कोहरे की मार झेलने को भी मजबूर हैं. जिससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है. प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड से नदी-नाले जम गए हैं. जिससे पेयजल संकट गहराता जा रहा है. सड़कों पर ब्लैक आइस जाम हो रही है. जिससे गाड़ियां फिसल रही हैं और हादसे का डर बना हुआ है. प्रदेश में तापमान माइनस में चला गया है. 11 जगहों पर पारा माइनस में लुढ़क गया है.

हिमाचल में कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें (ETV Bharat)

कोहरे को लेकर अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. 14 जनवरी तक प्रदेश में गहरी धुंध छाई रहेगी. वहीं, आज प्रदेश में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है. आज ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में आज घने कोहरे का येलो अलर्ट है. वहीं, 12 से 14 जनवरी तक ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में घना कोहरा छाए रहने को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान दर्ज

हिमाचल में 11 स्थानों पर पारा माइनस में है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक कुकुमसेरी में -10.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान, ताबो में -7.9, कल्पा में -3.6, सेओबाग में -2.5, मनाली में -1.1, भुंतर में -1.0, रिकांगपिओ में -0.8, बजौरा और सोलन में -0.5, बरठीं में -0.3 और सुंदरनगर में -0.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. वहीं, शिमला और धर्मशाला में 2.6, ऊना में 2.2, नाहन में 5.1, पालमपुर में 0.5, कांगड़ा में 2.0, मंडी और हमीरपुर में 0.8, बिलासपुर में 2.5, जुब्बरहट्टी में 5.5, कुफरी में 2.1, नारकंडा में 0.5, कसौली में 3.8, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 5.0 और नेरी में 5.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.

Himachal Weather Update
निचले इलाकों में भीषण ठंड से जमने लगा पानी (ETV Bharat)

निचले इलाकों में भी जमने लगा पानी

हिमाचल में तापमान कम होने से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है. जिससे अब मध्यम पहाड़ी इलाकों और निचले इलाकों में भी पानी जमने की समस्या सामने आ रही है. बिलासपुर जिले के नमहोल, बहादुरपुर और घुवावी गांवों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण ठंड के चलते अब कई जगहों पर पानी जमने लगा है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की परेशानियां बढ़ गई हैं. नमहोल क्षेत्र में न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से नीचे लगभग -3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है. इन गांवों में सुबह-सुबह पानी की पाइप लाइनों और नालों में बह रहे पानी जमने से पेयजल की समस्या भी सामने आने लगी है. वहीं, किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. किसानों का कहना है कि लगातार पड़ रहे घने कोहरे और पाले से रबी, लहसुन और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है.

कब होगी बारिश-बर्फबारी?

हिमाचल में अभी आगामी दिनों में बारिश-बर्फबारी होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 16 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ बताया है. गौरतलब है कि जनवरी महीने में साल की शुरुआत में हल्की बारिश और बर्फबारी हुई है. ऊंचाई वाले इलाकों में भी 2-3 बार ही हल्की बर्फबारी हुई है. जबकि नवंबर और दिसंबर महीना लगभग सूखा ही बीता है. अभी भी प्रदेश में बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं.

ये भी पढ़ें: पर्यटकों के लिए बंद होने जा रहा हिमाचल का ये प्रसिद्ध पर्यटन स्थल, अब नहीं उठा पाएंगे बर्फबारी का लुत्फ!

ये भी पढ़ें: हिमाचल में कड़ाके की ठंड का कहर, माइनस 30 डिग्री तक पहुंचा तापमान, लाहौल में जमे नदी-नाले

Last Updated : January 11, 2026 at 11:11 AM IST