हिमाचल के इन जिलों में घने कोहरा का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 7 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 25, 2025 at 10:14 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में लोग ड्राई स्पेल (सूखे) की मार के साथ-साथ घने कोहरे की मार भी झेल रहे हैं. प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ पड़ रही गहरी धुंध ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. खासकर सुबह के समय और शाम के समय घना कोहरा छा रहा है. जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. खासकर वाहन चालकों के लिए ये कोहरा ज्यादा समस्या खड़ी कर रहा है, क्योंकि कोहरे के चलते बिजिविलिटी बहुत कम हो जाती है. जिससे सड़क पर कुछ भी नहीं दिखता है. ऐसे में वाहनों चालकों को बड़ी सावधानी के साथ सड़कों पर उतरना पड़ रहा है.
घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 दिसंबर तक प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने बिलासपुर में घना कोहरा छाए रहने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. खासकर भाखड़ा बांध जलाशय के आसपास रोज सुबह और शाम को गहरी धुंध छा रही है. जबकि 6 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट है. ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में कोहरे का येलो अलर्ट जारी है. मौसम विभाग ने वाहन चालकों से सावधानी से गाड़ी चलाने की अपील की है. इसके साथ ही फॉग लाइट का भी इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
इस दिन होगी बारिश-बर्फबारी
वहीं, प्रदेश में 27 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में 28 और 30 दिसंबर को मौसम का मिजाज बदलेगा. जबकि 29 दिसंबर को मौसम साफ बना रहेगा. मौसम विभाग ने 28 और 30 दिसंबर को भी सिर्फ प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ही हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है. जबकि मैदानी व निचले इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा. करीब 2 महीने से ज्यादा समय से प्रदेश में ड्राई स्पेल जारी है. जो कि अभी खत्म होता हुआ नजर नहीं आ रहा है.

