ETV Bharat / state

हिमाचल में आज से करवट लेगा मौसम, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

प्रदेश में पारा सामान्य से काफी अधिक चल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आने का अनुमान है.

HIMACHAL WEATHER UPDATE
हिमाचल में आज से करवट लेगा मौसम (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 8:51 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम आज से करवट लेने जा रहा है.मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 27 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. यह बदलाव 27 और 28 फरवरी के बीच अधिक प्रभावी रहेगा. मैदानी और मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम सामान्यतः साफ रहने का अनुमान है.

इन जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 27-28 फरवरी और 3-4 मार्च को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचे हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी हो सकती है. सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और कई जगह धूप भी खिल सकती है.

कहां-कितना तापमान?

गुरुवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहा और कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. ऊना में उच्चतम तापमान 28.5°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक था. इसी तरह कांगड़ा में 26.0°C, भुंतर में 25.0°C तथा राजधानी शिमला में तापमान 18°C के आसपास रहा. रात के तापमान की बात करें तो कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -4.2°C (शून्य से नीचे) दर्ज किया गया. वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. जैसे शिमला में 7.6°C, भुंतर में 6.7°C और धर्मशाला में 10.6°C रिकॉर्ड किया गया.

तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर

प्रदेश में वर्तमान में पारा सामान्य से काफी अधिक चल रहा है. अधिकतम तापमान औसत से लगभग 4.1°C और न्यूनतम तापमान लगभग 2.2°C ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है.

फरवरी में 82% कम बारिश

इस सर्दियों में प्रदेश में बारिश और बर्फबारी सामान्य से काफी कम रही है. फरवरी महीने में अब तक 82% कम बारिश दर्ज की गई है. 1 से 23 फरवरी के बीच सामान्य 81.3 मिमी के मुकाबले इस बार केवल 14.6 मिमी ही बारिश हुई है.

आगे का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 27-28 फरवरी तथा 3-4 मार्च को विशेष रूप से ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश/बर्फबारी हो सकती है. बाकी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा. तापमान अगले 4-5 दिनों में बड़े बदलाव के संकेत नहीं दे रहा, सिवाय ऊंचाई वाले इलाकों में जहां तापमान में 2-5°C तक गिरावट आ सकती है.

ये भी पढे़ं: पहले कन्फ्यूजन, अब क्लियर, अपने साथ रख सकते हैं फॉर सेल इन हिमाचल ओनली शराब की इतनी बोतलें