हिमाचल के 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 30, 2026 at 10:36 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है. वहीं, आज भी प्रदेश में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. आज प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा कुछ स्थानों पर गरज, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की है.
इस दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक प्रदेश में 4 जून तक मौसम खराब रहने वाला है. 30 मई को उच्च पर्वतीय और मध्यम पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले वे मैदानी इलाकों में अनेक जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं, 31 मई को प्रदेशभर में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 1 और 2 जून को उच्च एवं मध्य पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं और निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने वाला है. वहीं, 3 और 4 जून को सिर्फ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि मध्य पहाड़ी और निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा.
अधिकतम तापमान में आई कमी
वहीं, प्रदेश में बारिश होने से जहां भीषण गर्मी से निजात मिली है, वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. 39.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ ऊना सबसे गर्म रहा. इसके अलावा शिमला में 25.0, सुंदरनगर में 34.9, भुंतर में 31.5, कल्पा में 21.4, धर्मशाला में 30.0, नाहन में 33.2, केलांग में 18.4, मनाली में 24.6, कांगड़ा में 32.5, मंडी में 34.9, जुब्बड़हट्टी में 31.5, कुफरी में 17.8, बरठीं में 33.2, ताबो में 19.2 और नेरी में 36.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया है.
3.5 डिग्री के साथ केलांग रहा सबसे ठंडा
बात करें न्यूनतम तापमान की तो 3.5 डिग्री तापमान के साथ केलांग सबसे ठंडा रहा. साथ ही शिमला में 17.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान, सुंदरनगर में 18.4, भुंतर में 14.2, कल्पा में 10.0, धर्मशाला में 19.8, ऊना में 20.7, नाहन में 18.3, पालमपुर में 18.0, सोलन में 19.0, मनाली में 11.2, कांगड़ा में 20.9, मंडी में 20.1, बिलासपुर में 23.5, चंबा में 14.1, जुब्बड़हट्टी में 20.0, कुफरी में 13.1, कुकुमसेरी में 4.3, सेओबाग में 12.4, बरठीं में 19.7, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 22.0, ताबो में 8.8 और नेरी में 25.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.

