ETV Bharat / state

हिमाचल में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज! कल और परसों इन क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग ने हिमाचल में अगले दो दिन बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जारी किया है.

Himachal Weather Update
हिमाचल में मौसम का हाल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 19, 2025 at 8:48 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल से प्रदेश के मौसम मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है. प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई हिस्सों में बादल छाने के साथ-साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इससे प्रदेश में पिछले दो महीनों के अधिक समय से चल रहे ड्राई स्पेल टूटने की संभावना है. प्रदेश में अक्टूबर के बाद बारिश नहीं हुई है. हालांकि इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही हल्की बर्फबारी हुई है.

दो दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना

प्रदेश में कल और परसों बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. मौसम विभाग ने 20 दिसंबर को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है. इसी तरह से अधिक ऊंचाई वाले जिलों खासतौर पर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं. वहीं, 21 दिसंबर को भी मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक या हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. इन क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर अपना असर दिखाएगी.

सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश

हिमाचल प्रदेश में अधिकतर क्षेत्रों में दो महीने से ड्राई स्पेल चल रहा है. इस दौरान बारिश और बर्फबारी न होने से किसानों और बागवानों की परेशानी बढ़ गई है. वहीं, हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में घूमने आने वाले पर्यटकों को भी बर्फबारी का इंतजार है. प्रदेश में दिसंबर महीने में बारिश नहीं हुई है. इस दौरान 1 से 18 दिसंबर तक बारिश का आंकड़ा शून्य फीसदी है. वहीं, इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 17.7 मिलीमीटर है. ऐसे प्रदेश में सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश का आंकड़ा है.

ये भी पढ़ें: दिसंबर में शिमला शहर में अब नहीं रही बर्फबारी की आस! चौंका देंगे पिछले 10 साल के आंकड़े