हिमाचल में आज इन इलाकों में होगी बारिश-बर्फबारी! कोहरे का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 21, 2025 at 7:42 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है. जिसके चलते आज प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होने को लेकर संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. आज अधिक ऊंचाई वाले जिलों खासतौर पर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं. जिससे पहाड़ों पर ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी. वहीं, मैदानी इलाकों में भी बादल छाए रहने संभावना जताई गई है. अगर आज बारिश और बर्फबारी होती है तो करीब दो महीने से जारी ड्राई स्पेल टूट सकता है.
20 दिसंबर को नहीं हुई बारिश-बर्फबारी
हालांकि मौसम विभाग ने 20 दिसंबर, शनिवार को भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई थी. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया था, लेकिन बावजूद इसके शनिवार को प्रदेशभर में कहीं भी बारिश और बर्फबारी दर्ज नहीं की गई. जिससे लंबे समय से बारिश-बर्फबारी का इंतजार कर रहे किसानों-बागवानों और पर्यटन कारोबारियों को निराश होना पड़ा.
इन क्षेत्रों में कोहरे को लेकर चेतावनी
वहीं, प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है. इसके साथ कोहरे की मार भी लोगों को झेलनी पड़ रही है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बिलासपुर जिले में भाखड़ा बांध के जलाशय क्षेत्रों के आसपास और मंडी जिले की बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में सुबह और देर रात के समय घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे कोहरे के बीच सावधानी से गाड़ी चलाएं.
दिसंबर में 100 फीसदी कम बारिश
गौरतलब है कि हिमाचल में करीब 2 महीने से ड्राई स्पेल जारी है. प्रदेश में प्री मानसून के बाद अक्टूबर महीने के बाद बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है. नवंबर महीने में भी सिर्फ शुरुआती दिनों में हल्की बारिश-बर्फबारी हुई. ऐसे में नवंबर में सामान्य से कम बारिश हुई है. दिसंबर महीने में भी अभी तक सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. प्रदेश में 1 से 19 दिसंबर तक बारिश का आंकड़ा 0 फीसदी है. इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 18.6 मिलीमीटर है. ऐसे में प्रदेश में सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश का आंकड़ा है.
पर्यटकों को बर्फबारी का इंतजार
हिमाचल में मौसम की मार का सीधा असर किसानों-बागवानों और पर्यटन कारोबारियों पर पड़ा रहा है. लंबे समय से बारिश न होने के चलते रबी सीजन में बहुत से किसान अभी तक गेहूं और मटर की बिजाई नहीं कर पाए हैं, क्योंकि मिट्टी में नमी ही नहीं है. जबकि सेब सहित अन्य किस्म के फलों के बगीचों में भी बारिश-बर्फबारी के बाद ही काम शुरू हो पाए. वहीं, हिमाचल घूमने आ रहे पर्यटक भी बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं. बर्फबारी न होने के चलते पर्यटक भी मायूस हो रहे हैं. जिसका खामियाजा पर्यटन कारोबारियों को उठाना पड़ रहा है.

