हिमाचल में कोल्ड वेव का अलर्ट, 12 जगहों पर माइनस में लुढ़का तापमान
हिमाचल में मौसम विभाग ने कोल्ड वेव और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 2:08 PM IST
|Updated : January 8, 2026 at 2:43 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने दो दिन के लिए शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. प्रदेश में भले ही बारिश और बर्फबारी में कमी हो, लेकिन ठंड का कहर जारी है. पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है. ऊंचाई वाले इलाकों में नदी-नाले जम गए हैं. सड़कों पर ब्लैक आइस की समस्या आ रही है. जबकि निचले इलाकों में घने कोहरे ने लोगों की दिक्कतों को बढ़ा दिया है. प्रदेश के 8 जिलों में घना कोहरा छाए रहने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
12 जगहों पर माइनस में तापमान
हिमाचल में 12 जगहों पर तापमान माइनस में लुढ़क गया है. प्रदेश में -11.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा. इसके अलावा ताबो में -8.9, कल्पा में -3.6, सोलन में -1.8, नारकंडा में -1.6, सेओबाग में -1.5, मनाली में -1.4, रिकांगपिओ में -1.3, भुंतर में -1.3, कुफरी में -0.8, सुंदरनगर में -0.6 और बजौरा में -0.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं, शिमला में 2.2, धर्मशाला में 3.5, ऊना में 6.0, नाहन में 4.8, पालमपुर में 0.0, कांगड़ा में 0.6, मंडी में 1.0, बिलासपुर में 2.5, हमीरपुर में 1.4, जुब्बरहट्टी में 4.0, बरठीं में 3.1, कसौली में 3.8, पांवटा साहिब में 7.0, सराहन में 4.3, देहरा गोपीपुर में 6.0 और नेरी में 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.
कोल्ड वेव और कोहरे का अलर्ट
वहीं, हिमाचल में आज और कल प्रदेशभर में कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि 12 जनवरी तक घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 8 और 9 जनवरी को सुबह और शाम के समय ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में घनी धुंध छाई रहेगी. वहीं, 10 से 12 जनवरी तक ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इस दौरान वाहन चालकों से सावधानी और सुरक्षित तरीके से गाड़ी चलाने की अपील की गई है, क्योंकि कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम रहेगी.
बारिश-बर्फबारी के नहीं कोई आसार
वहीं, बात करें बारिश-बर्फबारी की तो मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक प्रदेश में 14 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा. इस दौरान प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं. गौरतलब है कि इस बार विंटर सीजन में अब तक सामान्य से बहुत कम बारिश और बर्फबारी दर्ज हुई है. नवंबर महीने में सामान्य से 95 फीसदी कम, सिर्फ 1 मिलीमीटर बारिश हुई. जबकि दिसंबर महीने में सामान्य से 99 फीसदी कम, 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई. वहीं, नवंबर महीने में सामान्य बारिश का आंकड़ा 19.7 मिलीमीटर बारिश और दिसंबर महीने में 38.1 मिलीमीटर बारिश का है.

