ETV Bharat / state

Himachal Budget Session: 16 फरवरी से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र

यह बजट सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Himachal Budget Session 2026
16 फरवरी से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 7, 2026 at 8:43 PM IST

|

Updated : February 7, 2026 at 9:55 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की चौदहवीं विधानसभा का ग्यारहवां सत्र आगामी 16 फरवरी 2026 से शुरू होगा. यह जानकारी शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने दी. उन्होंने बताया कि यह सत्र बजट सत्र होगा, जिसकी शुरुआत दोपहर 2 बजे होगी. बजट सत्र को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के चौथे बजट पर टिकी हुई हैं.

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि राज्यपाल की संस्तुति प्राप्त होने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है. हालांकि बजट सत्र में कुल कितनी बैठकें होंगी और बजट किस दिन पेश किया जाएगा, इसको लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे.

राज्यपाल के अभिभाषण से होगा सत्र का शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी. इसके बाद सदन में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए शोक प्रस्ताव रखे जाएंगे. इसके पश्चात सदन की विधायी कार्यवाही शुरू की जाएगी, जिसमें विभिन्न विधेयकों और प्रस्तावों पर चर्चा होगी.

Himachal Budget Session
16 फरवरी से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र (NOTIFICATION)

राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा सत्र

यह बजट सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रदेश में राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच विपक्ष के तेवर इस सत्र में तीखे रह सकते हैं. बजट और वित्तीय स्थिति को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है. मुख्यमंत्री सुक्खू इस सत्र में अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे. इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025-26 का बजट 17 मार्च 2025 को प्रस्तुत किया था. ऐसे में इस बार के बजट से जनता और जनप्रतिनिधियों को कई अहम घोषणाओं की उम्मीद है.

कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि विधानसभा सचिवालय सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर रहा है. सत्र के दौरान राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, सरकार की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: 'विधायकों की समस्याओं का समाधान करें अधिकारी', विधायक प्राथमिकता बैठक में CM सुक्खू ने दिए स्पष्ट निर्देश

Last Updated : February 7, 2026 at 9:55 PM IST