अब होटल में खर्च नहीं करनी पड़ेगी बड़ी रकम, यहां ₹100-₹200 में मिलेगी ठहरने की सुविधा
हिमाचल की सुक्खू सरकार ने 20 मई से सर्किट हाउस हमीरपुर स्थित 21 बेड वाली डोरमेट्री को HPPWD ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म में शामिल किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 22, 2026 at 8:33 AM IST
|Updated : May 22, 2026 at 8:42 AM IST
शिमला: हमीरपुर आने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. अब शहर में ठहरने के लिए जेब ढीली करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यात्रियों, मजदूरों, तीमारदारों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को कम खर्च में रिहाइश उपलब्ध कराने की दिशा में पहल शुरू की गई है. खास बात यह है कि यहां मात्र 100 और 200 रुपए में ठहरने की सुविधा मिलेगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
100-200 रुपए में ठहरने की सुविधा
लोक निर्माण विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 20 मई से सर्किट हाउस हमीरपुर स्थित 21 बेड वाली डोरमेट्री को एचपीपीडब्ल्यूडी ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म में सम्मिलित कर दिया है. इस सुविधा के लिए हिमाचल के निवासियों से प्रति बेड 100 रुपए और गैर हिमाचली निवासियों के लिए प्रति बेड 200 रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है.
मई 2025 से सुविधा शुरू
इसके लिए विद्यार्थी हिम अतिथि होटल के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर ठहरने के लिए सस्ती एवं सुविधाजनक आवासीय सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. उन्होंने बताया कि लोगों और पर्यटकों को मई 2025 से 50 फीसदी एडवांस पेमेंट के आधार पर रेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा मिल रही है. यह पहल सरकारी आवासीय सुविधाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी.
इस सुविधा के शुरू होने से पर्यटकों, आमजनता और छात्रों के लिए रेस्ट हाउस एवं सर्किट हाउसिज की उपलब्धता एवं पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. इस पहल के परिणामस्वरूप इन सुविधाओं की अधिभोग दर (अक्यूपेंसी रेट) और सरकारी राजस्व में वृद्धि दर्ज की गई है. प्रदेश सरकार राज्य में डिजिटल नवाचारों के माध्यम से नागरिक केंद्रित सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं जन सुविधाओं में निरंतर सुधार की दिशा में कार्य कर रही है.
ये भी पढ़ें: राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा के निर्वाचन को चुनौती का मामला, जानिए कब होगी अगली सुनवाई?
ये भी पढ़ें: हिमाचल में पंचायत चुनाव से पहले गायब हुए बैलेट पेपर, प्रशासन में मचा हड़कंप, FIR दर्ज

