ETV Bharat / state

यहां होगा हिमाचल राज्य स्तरीय राज्यत्व दिवस समारोह, CM सुक्खू करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता

25 जनवरी को होने वाले राज्य स्तरीय राज्यत्व दिवस समारोह का सीएम सुक्खू करेंगे अध्यक्षता.

राज्य स्तरीय राज्यत्व दिवस समारोह
राज्य स्तरीय राज्यत्व दिवस समारोह (ETV Bharat FILE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 9, 2026 at 1:30 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धर्मशाला: 25 जनवरी 1971 को हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था, जिसके बाद से हर साल इस दिन राज्य स्तरीय राज्यत्व दिवस समारोह का आयोजन किया जाता है. इस बार हिमाचल प्रदेश सरकार ने 25 जनवरी 2026 को जिला कांगड़ा के ऐतिहासिक परागपुर में राज्यत्व दिवस समारोह का आयोजन करने का निर्णय लिया है. यह समारोह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा.

सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में उपायुक्त कांगड़ा और पुलिस अधीक्षक कांगड़ा को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि समारोह स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंध तय मानकों के अनुरूप किए जाएं. आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक, सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आमंत्रण से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं.

कांगड़ा उपायुक्त को समारोह स्थल को अंतिम रूप देने, कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पुलिस अधीक्षक कांगड़ा को समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था, वीवीआईपी सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण के लिए समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं. राज्यत्व दिवस समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और आमजनों के आने की उम्मीद है.

उल्लेखनीय है कि राज्यत्व दिवस हिमाचल प्रदेश के गठन की ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है. इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विकास कार्यों की झलक और प्रदेश की समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. परागपुर जैसे विरासत गांव में राज्य स्तरीय समारोह के आयोजन से क्षेत्रीय पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: शूलिनी खड्ड के पानी का सैंपल फेल, 20 दिनों से पेयजल के लिए तरस रहे ग्रामीण! सोलन डीसी ने गठित की कमेटी