ETV Bharat / state

हिमाचल में इस दिन होगी वुमन इंटरप्योनर नेटवर्किंग मीट, इन सभी मुद्दों पर होगी चर्चा

4 जनवरी को शिमला में महिला उद्यमियों, उद्योग विशेषज्ञ और नीति-निर्माताओं का जमावड़ा लगेगा.

हिमाचल में होगी महिला उद्यमी नेटवर्किंग मीट
हिमाचल में होगी महिला उद्यमी नेटवर्किंग मीट (FILE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 25, 2025 at 8:22 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने को 4 जनवरी को शिमला स्थित ऐतिहासिक पीटरहॉफ में राज्य स्तरीय वुमन इंटरप्योनर नेटवर्किंग मीट (महिला उद्यमी नेटवर्किंग मीट) का आयोजन किया जाएगा. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रदेशभर से महिला उद्यमी, उद्योग विशेषज्ञ और नीति-निर्माता एक मंच पर जुटेंगे. इस बैठक के दौरान महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के नए अवसर, सरकारी योजनाओं की प्रभावशीलता, बाजार से जुड़ाव और वित्तीय सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने कहा, 'इस पहल का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में महिला उद्यमिता को सशक्त बनाना और समावेशी औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करना है. महिला उद्यमियों का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है'.

उद्योग मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि महिला नेतृत्व वाले उद्यम रोजगार सृजन, आर्थिक वृद्धि और सामाजिक सशक्तिकरण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. यह नेटवर्किंग मीट महिला उद्यमियों के समक्ष आने वाली प्रमुख चुनौतियों के समाधान के साथ-साथ उनके व्यवसाय के विस्तार, स्थिरता व संस्थागत सहयोग उपलब्ध करवाने के लिए आयोजित की जा रही है. इस कार्यक्रम में सभी जिला से महिला उद्यमी और उनके समूह भाग लेंगे. यह मंच उन्हें राष्ट्रीय स्तर के इकोसिस्टम भागीदारों, उद्योग विशेषज्ञों, वित्तीय संस्थानों तथा अन्य उद्यमियों के साथ संवाद का अवसर प्रदान करेगा.

उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे. वहीं राज्य एवं केंद्र सरकार के विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे. इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ सत्र, पैनल चर्चा और श्रेष्ठ अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा, जिसमें वित्त तक बेहतर पहुंच, बाजार संपर्क और मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि उद्यमियों, क्षेत्रीय विशेषज्ञों, इकोसिस्टम भागीदारों और वित्तीय संस्थानों के बीच प्रत्यक्ष संवाद से सूचना संबंधी दूरी कम होगी, आपसी नेटवर्क मजबूत होंगे और एक सहयोगी उद्यमशील वातावरण विकसित होगा. इससे महिला नेतृत्व वाले घरेलू स्तर के सूक्ष्म उद्यमों को विस्तार योग्य व्यवसायों में परिवर्तित करने में सहायता मिलेगी और प्रदेश की पहाड़ी अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका और सशक्त होगी.

ये भी पढ़ें: SJVN के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, बीकानेर सोलर पावर प्रोजेक्ट का व्यावसायिक संचालन शुरू