ETV Bharat / state

33.53 करोड़ में नीलाम हुआ हिमाचल का ये स्टेट एंट्री टैक्स बैरियर, ई-बिडिंग से पहली बार लगी बोली

राज्य के टोल बैरियरों की नीलामी से 185 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा था. इनकी रिजर्व प्राइज पहले ही तय कर दी गई थी.

33.53 करोड़ में नीलाम हुआ हिमाचल का ये स्टेट एंट्री टैक्स बैरियर
33.53 करोड़ में नीलाम हुआ हिमाचल का ये स्टेट एंट्री टैक्स बैरियर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : March 4, 2026 at 10:14 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: जिला बिलासपुर के गरामोड़ा स्थित स्टेट एंट्री टैक्स बैरियर की इस वर्ष रिकॉर्ड 33.53 करोड़ रुपये में सफल नीलामी संपन्न हुई है. यह राशि पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 38 प्रतिशत अधिक है. खास बात यह रही कि पहली बार पूरी नीलामी प्रक्रिया ई-बिडिंग (ऑनलाइन बोली) के माध्यम से पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई.

नीलामी प्रक्रिया की अध्यक्षता राहुल कुमार (उपायुक्त बिलासपुर) ने की. इस दौरान आबकारी एवं कराधान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे. प्रशासन vs इस वर्ष नीलामी के लिए 25.67 करोड़ रुपये का रिजर्व प्राइस निर्धारित किया था, जो गत वर्ष 2024-25 में हुई 24.7 करोड़ रुपये की नीलामी राशि से अधिक था. इस वर्ष नीलामी प्रक्रिया में कुल पांच फर्मों ने भाग लिया. ऑनलाइन बोली के दौरान प्रतिस्पर्धा के बीच एक फर्म ने सर्वाधिक 33.53 करोड़ रुपये की बोली लगाई, जिसके बाद नियमों के अनुसार बैरियर उसी फर्म को अस्थायी रूप से आवंटित कर दिया गया. प्रशासन ने पूरी नीलामी प्रक्रिया का प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेज दिया है. राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर अनुबंध प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा.

33.53 करोड़ में नीलाम हुआ गरामोड़ स्टेट एंट्री टैक्स बैरियर (ETV Bharat)

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि 'पहली बार ई-बिडिंग के माध्यम से नीलामी करवाई गई, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है. बढ़ी हुई बोली से जिला को राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी, जिसका लाभ विकास कार्यों में मिलेगा. प्रशासन भविष्य में भी ऐसी प्रक्रियाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.'

185 करोड़ राजस्व जुटाने का लक्ष्य

यह बैरियर हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने वाले मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों से एंट्री टैक्स वसूलने का प्रमुख केंद्र है. बता दें कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस वर्ष राज्य के टोल बैरियरों की नीलामी के जरिए 185 करोड़ रुपये राजस्व जुटाने का लक्ष्य तय किया था. बद्दी का रिजर्व प्राइस 48.66 करोड़ रुपये, शिमला जिले के कुड्डू बैरियर का रिजर्व प्राइस 46.77 लाख रुपये, मेहतपुर-गगरेट का 36.72 करोड़, परवाणू बैरियर का 22.48 करोड़ रुपये, सिरमौर जिले के चार बैरियरों के लिए कुल 33.94 करोड़ रुपये, बिलासपुर बैरियर के लिए 25.67 करोड़ रुपये और नूरपुर के दो बैरियरों के लिए 17.05 करोड़ रुपये का रिजर्व प्राइस तय किया था.

एंट्री फीस में भी बढ़ोतरी

इसके साथ ही राज्य सरकार ने दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर लगने वाली एंट्री फीस में 30 रुपये से लेकर 230 रुपये तक बढ़ा दी है. नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी. नई दरों के कारण पर्यटकों वाहनों के साथ परिवहन और माल ढुलाई की लागत भी बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें: हमीरपुर की बेटी दीपिका पटियाल बनीं लेफ्टिनेंट कर्नल, जमकर मिल रही बधाइयां