स्कूल शिक्षा बोर्ड ने घोषित किया HP TET रिजल्ट, भविष्य के 74 फीसदी गुरुजी पास नहीं कर पाए परीक्षा
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने HP TET का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. 33,083 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 10:13 AM IST
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) नवंबर-2025 का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया. बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि टीईटी के तहत विभिन्न विषयों—टीजीटी (आर्ट्स, नॉन-मेडिकल, मेडिकल), जेबीटी, हिंदी, पंजाबी, उर्दू, संस्कृत, स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक व कक्षा 6 से 8)—की परीक्षाएं 2 से 16 नवंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थीं.
बोर्ड के अनुसार कुल 36,571 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 33,083 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए. इनमें से 8,459 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 24,622 असफल रहे. इस प्रकार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 25.6 रहा. सबसे अधिक परीक्षार्थी टेट आर्ट्स में थे. कुल 10,858 टेट आर्ट्स परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी. इसमें से 1,429 अभ्यर्थी पास हुए और परिणाम 13.2 प्रतिशत रहा. टेट मेडिकल में 4,309 में से 1,743 अभ्यर्थी सफल हुए. टेट नॉन मेडिकल में 5,778 परीक्षार्थियों में से 741 पास हुए और परिणाम 12.8 प्रतिशत रहा.
विषयवार प्रदर्शन
टीजीटी (मेडिकल) में 40.5 फीसदी, टीजीटी (हिंदी) में 41.5 फीसदी और जेबीटी में 33.1 फीसदी परिणाम रहा. वहीं, स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक) में 621 परीक्षार्थियों में से 557 अभ्यर्थी सफल हुए. परिणाम 89.7 फीसदी और स्पेशल एजुकेटर (कक्षा 6 से 8) में 150 में से 144 अभ्यर्थी पास हुए और 96 फीसदी परिणाम रहा. पंजाबी में 5.4 फीसदी और उर्दू में 22.2 फीसदी परिणाम दर्ज किया गया. वहीं परीक्षा के दौरान नकल के दो मामले भी सामने आए. दोनों मामलों में से एक टीजीटी हिंदी और एक जेबीटी में आया था. संबंधित परीक्षा केंद्र से एक वर्ष के लिए दोनों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है.
बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर चेक करें परिणाम
बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। सफल अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रमाण पत्र डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं. किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी बोर्ड के दूरभाष नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं.

